लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की, कानून-व्यवस्था व जनहित योजनाओं पर दिए कड़े निर्देश

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, IGRS, सीएम हेल्पलाइन, आगामी त्योहारों की तैयारियों, बाढ़ की स्थिति, डेंगू नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें शासन के वरिष्ठ अधिकारी, मंडलायुक्त, पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जिलों में एंटी रोमियो स्क्वॉड को और अधिक सक्रिय किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति का नया चरण प्रारम्भ होगा, जिसके लिए अभी से व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

सीएम योगी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत कार्य और डेंगू नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने और जनता को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने IGRS और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त जन शिकायतों की समीक्षा करते हुए मंडलवार, जनपदवार, तहसीलवार, जोनवार, रेंजवार, जिला पुलिस और थाना स्तर पर रैंकिंग जारी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

योगी ने स्पष्ट कहा कि सरकार की योजनाएं और जनसुविधाएं अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति तक पहुंचे, यही शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर स्तर पर पारदर्शिता, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि प्रदेश की जनता को अच्छे प्रशासन का अनुभव हो सके।