लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया महाकुंभ-2025 पर आधारित उत्तर प्रदेश पुलिस की कॉफी टेबल बुक का विमोचन।

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जून 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर महाकुंभ-2025 पर आधारित उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष ‘कॉफी टेबल बुक’ का भव्य विमोचन किया। यह पुस्तक न केवल महाकुंभ के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पक्षों को उजागर करती है, बल्कि इस आयोजन की सुरक्षा, प्रबंधन और तकनीकी तैयारियों की भी विस्तार से जानकारी देती है।

कॉफी टेबल बुक को कुल 11 भागों में विभाजित किया गया है, जो महाकुंभ की व्यापकता और व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से दर्शाते हैं:

1. आस्था का इतिहास – पहला भाग कुम्भ की ऐतिहासिक और धार्मिक पृष्ठभूमि को समर्पित है।

2. अखाड़ों की परंपरा – दूसरे भाग में विभिन्न अखाड़ों और उनकी परंपरागत पेशवाई का उल्लेख है।

3. पवित्र स्नान – तीसरा भाग श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखने वाले स्नानों की जानकारी देता है।

4. डिजिटल निगरानी – चौथे भाग में इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (IIIC) के माध्यम से की जा रही डिजिटल निगरानी पर प्रकाश डाला गया है।

5. सात स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था – पाँचवाँ भाग सुरक्षा की बहुस्तरीय रणनीति को दर्शाता है।

6. विशेष पुलिस इकाइयाँ – छठे भाग में ATS कमांडो, जल पुलिस, स्निफर डॉग्स, NSG कमांडो आदि की तैनाती और भूमिकाओं का वर्णन है।

7. आपदा प्रबंधन – सातवाँ भाग आपदा प्रबंधन की योजनाओं को समर्पित है।

8. खोया-पाया केंद्र – आठवें भाग में खोया-पाया केंद्रों की कार्यप्रणाली को दर्शाया गया है।

9. डिजिटल मैनेजमेंट – नवां भाग सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर की गई जनजागरूकता अभियानों एवं प्रमुख पॉडकास्ट का विवरण देता है।

10. अन्य तीर्थ स्थलों की झलक – दसवां भाग प्रयागराज के साथ-साथ काशी, मथुरा, अयोध्या जैसे प्रमुख तीर्थों का संक्षिप्त चित्रण करता है।

11. अतिथि विवरण – ग्यारहवें भाग में महाकुंभ में पधारे विशिष्ट महानुभावों की उपस्थिति और उनके योगदान का उल्लेख किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा, “यह पुस्तक महाकुंभ-2025 की भव्यता, दिव्यता और सुरक्षित आयोजन में उत्तर प्रदेश पुलिस की भूमिका को दर्शाती है। यह ना सिर्फ श्रद्धालुओं के लिए एक मार्गदर्शिका है, बल्कि पुलिस व अन्य एजेंसियों के समर्पण की एक स्मृति भी है।”

‘स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित महाकुंभ’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए यह कॉफी टेबल बुक एक महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में काम करेगी। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को शब्दों और चित्रों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।

यह पुस्तक न केवल वर्तमान पीढ़ी को बल्कि आने वाले समय में महाकुंभ के आयोजनों के लिए एक प्रेरणा स्रोत के रूप में कार्य करेगी।