लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी जानकारी: नेक्स्ट जेन GST से उत्तर प्रदेश के व्यापारियों और कारीगरों को बड़ा लाभ

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 सितंबर 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने सरकारी आवास, लखनऊ में आयोजित पत्रकार वार्ता में “नेक्स्ट जेन GST” के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा लागू की गई यह नई व्यवस्था देशवासियों के लिए दीपावली का बड़ा उपहार है, जिसका सर्वाधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिलने वाला है।

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि अब प्रदेश के हस्तशिल्पियों और कारीगरों द्वारा बनाए जाने वाले सभी उत्पादों पर मात्र 5% GST ही देय होगा। इससे न केवल पारंपरिक कला एवं शिल्प को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन भी होगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारी वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए भी ठोस कदम उठा रही है। व्यापारी कल्याण बोर्ड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराने वाले प्रत्येक व्यापारी को सरकार की ओर से ₹10 लाख का सुरक्षा बीमा कवर प्रदान किया जाएगा। यह कदम छोटे-बड़े सभी व्यापारियों को आर्थिक सुरक्षा और भरोसा प्रदान करेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि नेक्स्ट जेन GST व्यवस्था और व्यापारी कल्याण बोर्ड की पहल उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और प्रदेश के व्यापारियों, कारीगरों तथा हस्तशिल्पियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।