लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2,425 मुख्य सेविकाओं व 13 फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र वितरित किए

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश में पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के तहत युवाओं को रोजगार देने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा चयनित 2,425 मुख्य सेविकाओं एवं 13 फार्मासिस्टों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन ही सच्ची सफलता का आधार है।

सीएम योगी का संबोधन

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति की प्रतिभा और ऊर्जा ही “विकसित उत्तर प्रदेश” की नींव है।

उन्होंने नवनियुक्त युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित वर्ष 2047 तक “विकसित भारत” के संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक युवा को अपनी अहम भूमिका निभानी होगी।

सरकार लगातार निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए योग्य युवाओं को अवसर उपलब्ध करा रही है।

पारदर्शी भर्ती की मिसाल

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा पूरी तरह पारदर्शी और तकनीक आधारित प्रणाली से यह भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। इससे युवाओं में सरकार और भर्ती प्रक्रिया के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा उत्तर प्रदेश की ताकत हैं और यही ताकत राज्य को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।