लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जून 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि आज हम एक नए भारत में रह रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में नया भारत विकास भी करता है और अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति भी करता है। आज जनपद अम्बेडकरनगर के विकास की जिन परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है, वह परियोजनाएं विरासत और विकास का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। अम्बेडकरनगर जनपद त्रेता युग के प्रारम्भिक काल का साक्षी है। श्रवण बाबा का धाम भी यहीं पर है। यह धाम मातृ-पितृ भक्ति का एक अनुपम केन्द्र है, जो जनपद की विरासत से जुड़ा हुआ है। इसके पर्यटन विकास की एक बड़ी योजना पर सरकार कार्य कर रही है। शिव बाबा धाम में पर्यटन विकास के कार्य हो रहे हैं। साथ ही, जनपद के विकास की 194 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद अम्बेडकरनगर के विकास की 1184 करोड़ रुपये लागत की 194 परियोजनाआें का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। ज्ञातव्य है कि इन परियोजनाआें में 102 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 92 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अन्तर्गत अन्नदाता किसानों के आश्रित परिजनों को 05-05 लाख रुपये के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किये।
मुख्यमंत्री जी ने मिशन रोजगार के तहत चयनित चिकित्सकों, पंचायत सहायकों, आशा वर्कर्स तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों व मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को ऋण तथा श्रमिक आश्रितों को सहायता राशि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किये। मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाभी, कृषि यंत्र तथा महिला उप निरीक्षकों को टैबलेट का वितरण भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने शिव बाबा धाम में दर्शन-पूजन किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रवण धाम, शिव बाबा धाम, अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण और काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम के माध्यम से हम अपनी विरासत को आगे बढ़ते हुए देख रहे हैं। वर्ष 2017 के पहले यह एक सपना था। आज यह हकीकत बना है। विरासत और विकास का यह अद्भुत संगम हमारे देश व प्रदेश को एक नई पहचान दे रहा है। आज जनपद अम्बेडकरनगर से पूरे उत्तर प्रदेश के 11,690 अन्नदाता किसान परिवारों के लिए 561 करोड़ 86 लाख रुपये की धनराशि का वितरण मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के माध्यम से हो रहा है। मुख्यमंत्री जी ने आपदा का शिकार हुए सभी अन्नदाता किसान परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनके हितों का संरक्षण करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन सभी परिवारों को 05 लाख रुपये की सहायता देने के लिए आज वह यहां आए हैं। जनपद अम्बेडकरनगर के 431 परिवारों को यह राशि उनके खाते में प्रेषित की जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस वर्ष अब तक हमने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अन्तर्गत 11,690 परिवारों के लिए धनराशि जारी की है। पहले इस योजना के अंतर्गत केवल किसान शामिल थे। बटाईदार और किसान के परिवार के सदस्य इसमें शामिल नहीं थे। हमारी सरकार ने किसानों के साथ ही, बटाईदार, कृषि श्रमिक और अन्नदाता किसानों के परिवार के सदस्यां को भी इस योजना में शामिल किया। किसान के परिवार का कोई सदस्य अग्निकाण्ड, तूफान, आकाशीय बिजली, बाढ़ या किसी भी आपदा का शिकार हो जाता है, तो सरकार उस परिवार को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना से आच्छादित करती है और 05 लाख रुपये की धनराशि प्रदान करती है। आज यहां प्रदेश के 11,690 परिवारों के लिए यह धनराशि जारी हो रही है। उन्होंने प्रदेश की सभी 350 तहसीलों में आज मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत वितरित हो रहे इन चेकों के लिए सभी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि यहां पर जो भी निराश्रित महिलाएं हैं, जिन्होंने अपने परिवार के कमाऊ सदस्य को खोया है, उन निराश्रित महिलाओं के लिए निराश्रित महिला पेंशन एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भी लाभ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत सरकार ने वर्ष 2020-21 में 500 करोड़ रुपये जारी किए थे, जिसके माध्यम से 11,275 परिवारों को लाभ मिला था। वर्ष 2021-22 में इसके लिए 600 करोड़ रुपये की धनराशि से 13,645 परिवार, वर्ष 2022-23 में 650 करोड़ रुपये की धनराशि से 15,231 परिवार, वर्ष 2023-24 में 950 करोड़ रुपये की धनराशि से 23,821 परिवार तथा वर्ष 2024-25 में 1000 करोड़ रुपये की धनराशि से 25,575 परिवारों को इस योजना के अन्तर्गत सहायता प्राप्त हुई है। वर्ष 2025-26 में इस योजना के लिए 1,050 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। आज हर तहसील में इस योजना का लाभ जनप्रतिनिधिगण के माध्यम से दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भगवान शिव सबके कल्याण का माध्यम हैं, वह देवाधिदेव महादेव हैं। उनकी कृपा से सभी ओर खुशहाली होती है। यही कार्य डबल इंजन सरकार प्रदेश में कर रही है। आज लोकार्पित परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग की 14, जल जीवन मिशन की 72, विद्युत विभाग की 04 और पुलिस अवस्थापना के अन्तर्गत हॉस्टल/बैरक/विवेचना कक्ष के निर्माण से सम्बन्धित 06 परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही, छत्रपति शाहू जी महाराज राजकीय पॉलिटेक्निक में ए0आई0सी0टी0ई0 मानकों के अनुरूप विकास के कार्य, 2100 नवीन राजकीय नलकूप निर्माण के अन्तर्गत 13 नलकूपों की स्थापना, राजकीय नर्सरी सीहमई करीरात एवं राजकीय नर्सरी अकबरपुर के जीर्णाद्धार सहित मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अन्तर्गत नवसृजित नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर में मुख्यमंत्री कल्याण मण्डपम के निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज लोक निर्माण विभाग की 70 परियोजनाओं, राजकीय मेडिकल कॉलेज अम्बेडकरनगर में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा ग्रामीण स्टेडियम किशुनपुर कबिरहा के निर्माण, राजकीय आई0टी0आई0 जहांगीरगंज में आधुनिक कार्यशाला, राजकीय नलकूपों की स्थापना, विकास खण्ड कटेहरी के पूर्व निर्मित आवासों के पुनः निर्माण कार्यां तथा विद्युत विभाग के कार्यां के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत दिवस केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी के कर-कमलों से हमने लखनऊ में प्रदेश के 60,244 युवाओं को उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाने के लिए नियुक्ति पत्र देने का कार्य किया है। इनमें 12,045 बेटियां शामिल हैं। इस भर्ती में अम्बेडकरनगर के नौजवानों ने भी भाग लिया और वह भी उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बने हैं। वर्ष 2017 के पहले यह कार्य सम्भव नहीं थे। वर्ष 2017 में डबल इंजन सरकार बनने के पहले प्रदेश में नौकरी की बोलियां लगती थीं। नौकरी देने के नाम पर लूट-खसोट होती थी। अब योग्यता के आधार पर उत्तर प्रदेश के युवाओं को नौकरी दी जा रही है। यहां डॉक्टर, ए0एन0एम0, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों तथा रोजगार सेवक के नियुक्ति पत्र वितरित किए गये हैं। इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश के नौजवानों और बेटियों के लिए नौकरी और रोजगार का मार्ग प्रशस्त किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार लगातार कुछ ना कुछ नया करने का काम कर रही है। सरकार बेहतर सुरक्षा की व्यवस्था देने का काम भी कर रही है। राजस्व वादों के समाधान की दिशा में भी सरकार द्वारा कदम उठाए गए हैं। पैमाइश, विरासत, लैण्ड यूज तथा नामान्तरण के मामलों के निस्तारण हेतु एक समय सीमा तय कर दी गई है। इस सम्बन्ध में जवाबदेही तय की गई है। एक गरीब और कमजोर को न्याय मिले, हर बेटी और व्यापारी सुरक्षित हो, हर नागरिक के जीवन में सुरक्षा का कोई संकट न हो, सरकार इसे प्रभावी ढंग से लागू करने का कार्य कर रही है। दूसरी ओर अगर कोई किसी की सुरक्षा में सेंध लगाने का काम करता है, तो उससे सख्ती से निपटने की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इसका परिणाम है कि विगत 08 वर्षों में उत्तर प्रदेश दंगा तथा अपराध मुक्त हुआ है। प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य न होकर, देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था का राज्य है। प्रदेश ने देश के ग्रोथ इंजन के रूप में भी अपनी पहचान बनाई है। आज उत्तर प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट नहीं है। प्रदेश आज बड़ी-बड़ी विकास की योजनाओं के लिए कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अकबरपुर बस स्टेशन का नाम शिव बाबा धाम के नाम पर होना चाहिए। इसी प्रकार टाण्डा बस स्टेशन का नामकरण स्व0 जयराम वर्मा बस स्टेशन के नाम पर किया जाएगा। श्रवण बाबा धाम के विकास को विरासत के साथ जोड़ने का कार्य किया जाएगा। श्रवण बाबा धाम रामायण काल के पूर्व का धाम है। यह मातृ-पितृ भक्ति का केन्द्र है। तहसील भीटी में फायर ब्रिगेड यूनिट की स्थापना के कार्यां को आगे बढ़ाया जाएगा। जो क्षेत्र नगर पंचायत बनाये जाने के मानकों को पूरा करते हैं, उनके लिए प्रक्रिया प्रारम्भ की जाएगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिन लोगों को विकास अच्छा नहीं लगता है, उनके लिए अपने परिवार का विकास ही सब कुछ होता है। ऐसे लोग परिवार एवं जातिवाद के नाम पर समाज को बांटते हैं। पर्व और त्योहारों के अवसर पर उत्सव और उमंग को फीका करने का काम करते हैं। हमें ऐसे लोगों को बेनकाब करना है। ऐसे लोगों को विरासत एवं विकास की ताकत का एहसास कराना होगा। विगत 08 वर्षों से डबल इंजन सरकार प्रदेश में यही कर रही है।
इसके उपरान्त मुख्यमंत्री जी ने श्रवण क्षेत्र धाम पहुंचकर भगवान श्रीराम, भगवान शंकर तथा हनुमान जी का दर्शन-पूजन किया। समाधि स्थल मंदिर पर पुष्प अर्पण कर श्रवण धाम मुख्य मंदिर में पूजा-अर्चना, जलाभिषेक तथा दुग्धाभिषेक किया। मुख्यमंत्री जी ने श्रवण क्षेत्र धाम परिसर में त्रिवेणी वृक्ष तथा नवग्रह वाटिका का रोपण किया। पर्यटन के कार्यों का निरीक्षण एवं एवं पर्यटन विकास की कार्य योजना का अवलोकन किया।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।