लखनऊ:भाजपा राज में चौपट हुआ व्यापार: सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने व्यापार सभा में जताई चिंता

लखनऊ,(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जून 2025 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में आयोजित ‘व्यापार सभा’ को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में “कारोबारी आपातकाल” जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं।

व्यापार सभा में व्यापारियों और कारोबारी संगठनों की भागीदारी रही, जिसमें जीएसटी की जटिलता, टैक्स के नाम पर वसूली, ऑनलाइन कारोबार व विदेशी वस्तुओं के कारण देशी व्यापार के अलाभकारी होते स्वरूप पर गहन चर्चा की गई।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छोटे और मझोले व्यापारियों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा, “देश का बाजार चौपट हो चुका है, दुकानदारी घट गई है और व्यापार दम तोड़ रहा है। व्यापारियों से जीएसटी व चंदे के नाम पर उगाही हो रही है, जिससे व्यापारी वर्ग भय और असुरक्षा के माहौल में काम कर रहा है।”

व्यापार सभा में यह सामूहिक राय सामने आई कि मौजूदा हालात से निजात पाने का एकमात्र रास्ता सत्ता परिवर्तन है। व्यापारी वर्ग का भरोसा अब समाजवादी नीतियों में है, जो व्यापार को सहारा और बढ़ावा देने की बात करती हैं। सभा में निर्णय लिया गया कि समाजवादी पार्टी व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन करेगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में व्यापारियों की आवाज को प्रमुखता दी जाएगी।

मुख्य बिंदु:

व्यापार सभा में भाजपा की आर्थिक नीतियों की आलोचना

जीएसटी, ऑनलाइन बाजार व विदेशी उत्पादों के खिलाफ व्यापारी असंतुष्ट

अखिलेश यादव ने कहा: “सत्ता परिवर्तन ही समाधान”

सपा ने व्यापारी हितों की रक्षा का दिया आश्वासन

यह सभा सपा की 2027 की चुनावी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जहां पार्टी व्यापारी वर्ग को अपने साथ जोड़ने की मुहिम में जुटी है।