लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जून 2025 उत्तर प्रदेश पुलिस को जल्द ही बड़ी संख्या में नया बल मिलने जा रहा है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बताया कि नागरिक पुलिस के 60,244 नवनियुक्त सिपाहियों का 13 माह का प्रशिक्षण जल्द ही पूरा होने वाला है। इसके बाद प्रदेश के प्रत्येक थाने को 25 अतिरिक्त सिपाही उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
डीजीपी ने इसे उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए “गेमचेंजर” बताते हुए कहा कि यह नया बल अगले 30 से 40 वर्षों तक राज्य की कानून-व्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करेगा। उन्होंने सभी एसपी, एसएसपी, कमांडेंट और प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारियों से प्रशिक्षण कार्य में गंभीरता और पूर्ण मनोयोग से जुटने का आह्वान किया।
वरिष्ठ अधिकारी बनें प्रेरणा स्रोत
राजीव कृष्ण ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को चाहिए कि वे प्रशिक्षुओं को अपने अनुभव से मार्गदर्शन दें और लीडरशिप का आदर्श प्रस्तुत करें। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे स्वयं भी अपनी वर्दी, टर्नआउट और आचरण को उत्कृष्ट बनाए रखें और पुलिस लाइन में होने वाली परेड में नियमित रूप से उपस्थित रहें।
सोशल मीडिया पॉलिसी और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
डीजीपी ने निर्देश दिए कि सभी प्रशिक्षुओं को सोशल मीडिया पॉलिसी के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाए और इसकी सॉफ्ट और हार्ड कॉपी दोनों रूपों में उन्हें प्रदान की जाए। महिला प्रशिक्षण केंद्रों में विशाखा समिति के गठन का आदेश भी दिया गया ताकि यौन उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों का संवेदनशीलता से निस्तारण हो सके।
तकनीकी प्रशिक्षण पर भी होगा विशेष फोकस
इस अवसर पर डीजी ट्रेनिंग तिलोत्तमा वर्मा ने कहा कि बदलते समय के साथ प्रशिक्षुओं को पारंपरिक पुलिसिंग के साथ-साथ फॉरेंसिक, साइबर क्राइम और सर्विलांस जैसे तकनीकी क्षेत्रों में भी दक्ष किया जाएगा। उन्हें शहरी और ग्रामीण दोनों प्रकार की पुलिसिंग का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा ताकि वे हर चुनौती के लिए तैयार रह सकें।
डीजीपी ने सभी अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान आने वाली समस्याओं और जिज्ञासाओं को भी सुना और मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
यह नया बल जहां एक ओर कानून व्यवस्था को मजबूत करेगा, वहीं पुलिस की जवाबदेही और आम जनता के साथ व्यवहार में भी सुधार लाएगा। जनता को जल्द ही अधिक सतर्क, तकनीकी रूप से दक्ष और संवेदनशील पुलिस बल देखने को मिलेगा।
