लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 दिसंबर 2025 अन्नदाता किसानों के उत्थान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘भारत रत्न’ चौधरी चरण सिंह जी की 123वीं जयंती के अवसर पर आज लखनऊ में किसान दिवस के रूप में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में सहभाग कर चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना’ के अंतर्गत किसान बंधुओं को ट्रैक्टरों का वितरण किया गया। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों, किसान संगठनों, अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर बताया गया कि डबल इंजन की सरकार के पिछले 8 वर्षों में उत्तर प्रदेश की कृषि विकास दर 18 प्रतिशत तक पहुँच चुकी है। सरकार द्वारा किसानों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में चौधरी चरण सिंह जी की पावन स्मृतियों को नमन करते हुए प्रदेश के किसान बंधुओं को किसान दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
