सात दिन में साथी के साथ चार चेन लूटी, जेल से छूटते ही शुरू कर दी लूट

ठाकुरगंज पुलिस ने शनिवार को महिलाओं के साथ लूटपाट करने वाले गिरोह के सरगना समेत दो लुटेरों को गिरफ्तार किया। गिरोह का सरगना दो सप्ताह पहले ही जेल से छूटकर आया था। उसने साथी के साथ मिलकर सात दिन में चार घटनाओं को अंजाम दिया था।ठाकुरगंज पुलिस के मुताबिक दौलतगंज निवासी कमलेश तिवारी को रकाबगंज निवासी उसके साथी गोलू सिंह के साथ गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से लूट की तीन चेन और 32 सौ रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पूछताछ में कमलेश तिवारी ने बताया कि वह गिरोह बनाकर राह चलती महिलाओं के साथ बाइक से चेन लूट की घटनाओं को अंजाम देता है।
जांच में सामने आया है कि कमलेश के ऊपर 19 और गोलू के ऊपर पहले से ही दो मुकदमें दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपित कमलेश दिन में ई- रिक्शा चलाता था। सुबह और देर शाम महिलाओं के साथ चेन लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।
दो से तीन घटनाओं को अंजाम देने के बाद वह दूसरे साथी को गिरोह में शामिल कर लेता है। अब तक कई साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की घटना को अंजाम दे चुका है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। आरोपित गोलू अमीनाबाद में कपड़े की दुकान पर काम करता था।
सात दिन में चार चेन लूट
इसके बाद 2 मार्च को दुबग्गा के जॉगर्स पार्क के पास, 4 मार्च को गाजीपुर व 5 मार्च को मदेयगंज में महिला की चेन लूट की घटना को अंजाम दिया।