उन्नाव में अधिवक्ता की पिटाई से भड़के वकील, कोर्ट परिसर में पुलिसकर्मियों पर हमला – थाना प्रभारी सहित कई निलंबित

उन्नाव:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 नबम्बर 2025 जिले के दही थाना क्षेत्र में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच बड़ा टकराव सामने आया है। बुधवार को थाने में अधिवक्ता की कथित पिटाई के बाद गुस्साए वकीलों ने कोर्ट परिसर में पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा। इस घटना से पूरे न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया और हालात तनावपूर्ण हो गए।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मंगलवार देर रात धारा 307 के आरोप में अधिवक्ता पियूष लोधी को गिरफ्तार कर दही थाने लाया था। आरोप है कि थाने में रातभर पुलिसकर्मियों ने अधिवक्ता की जमकर पिटाई की। बुधवार सुबह जब पुलिस घायल अधिवक्ता को कोर्ट में पेश करने पहुंची, तो पहले से मौजूद अधिवक्ताओं ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। जज साहब के सामने ही वकीलों ने पुलिस पर हमला कर दिया और उन्हें लात–घूंसों से पीटा।

हमले में सिपाही शोभित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया। देखते ही देखते माहौल इतना गर्म हो गया कि न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी फैल गई। स्थिति को नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला जज महोदय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दही थाना प्रभारी सहित संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को सामान्य किया गया।

वकीलों का कहना है कि थाने में अधिवक्ता के साथ निर्ममता पूर्वक मारपीट की गई, जिसके विरोध में यह आक्रोश फूटा। वहीं पुलिसकर्मियों का कहना है कि वे कानूनन कार्यवाही कर रहे थे, लेकिन कोर्ट में उनके साथ हिंसा हुई।

इस विवाद के बाद जिले में कानून–व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।