बीते साल 26 नवंबर को हुआ था ‘हम दिल दे चकुे सनम’, ‘भूल भुलैया’, समेत कई फिल्मों में नजर आए दिवंगत एक्टर विक्रम गोखले का निधन

‘हम दिल दे चकुे सनम’, ‘भूल भुलैया’, ‘दिल से’ और ‘दे दना दन’ समेत कई फिल्मों में नजर आए दिवंगत एक्टर विक्रम गोखले का निधन बीते साल 26 नवंबर को हुआ था। अब उनकी पहली पुण्यतिथी पर उनके नाम पर मुंबई में एक सड़क का उद्घाटन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम रविवार 26 नवंबर को सुबह 11 बजे मुंबई में आयोजित होगा, जहां महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर देवेंद्र फडणवीस नटश्रेष्ठ विक्रम गोखले मार्ग का उद्घाटन करेंगे।
यह मार्ग अंधेरी पश्चिम के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल के गेट नंबर चार के बगल से सिंटा टावर की तरफ जाता है।
इस कार्यक्रम में विक्रम गोखले की पत्नी वृषाली गोखले, उनके फैमिली मेंबर्स और कई पॉलिटिशियन शामिल होंगे। वहीं गेस्ट लिस्ट में बॉलीवुड से अनुपम खेर, परेश रावल, मुकेश ऋषि, सचिन खेडेकर, राहुल देव, उपासना सिंह, समेत कई एक्टर्स के नाम शामिल हैं।
इस कार्यक्रम का आयोजन ना सिर्फ दिवंगत एक्टर को याद करने के लिए किया जाएगा, बल्कि इसके जरिए उनके काम को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
विक्रम का 77 साल की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में अंतिम सांस ली थी। निधन से पहले वो 18 दिनों तक हॉस्पिटलाइज थे। उनके निधन की वजह मल्टी ऑर्गन फेलियर थी।
विक्रम गोखले ने संजय लीला भंसाली की फिल्म हम दिल दे चुके सनम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। फिल्म में वो ऐश्वर्या राय के पिता के रोल में नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने भूल भुलैया, दिल से, अग्निपथ, दे दना दन, हिचकी, निकम्मा, और मिशन मंगल जैसी फिल्मों में भी काम किया।
विक्रम बॉलीवुड के अलावा मराठी थिएटर और टेलीविजन में भी काफी एक्टिव थे। वो फिल्म एक्टर चंद्रकांत गोखले के बेटे हैं। विक्रम गोखले की दादी कमलाबाई गोखले इंडियन सिनेमा की पहली फीमेल चाइल्ड आर्टिस्ट थीं।
टेलीविजन में भी विक्रम गोखले ने एक अलग पहचान बनाई थी। वो दूरदर्शन पर 1989 से लेकर 1991 के बीच आने वाले फेमस शो ‘उड़ान’ का हिस्सा थे।
विक्रम गोखले ने 97 फिल्मों और थिएटर प्ले में काम किया। उन्होंने 70 मराठी फिल्मों में भी काम किया था। वे आखिरी बार 2022 में आई फिल्म निकम्मा में दिखाई दिए थे। इसके अलावा वेब सीरीज अम्बेडकर- द लीजेंड में भी नजर आए।
2011 में विक्रम गोखले को थिएटर में काम करने के लिए संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। 2013 में उन्हें मराठी फिल्म अनुमति के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड से भी नवाजा गया था।