कुशीनगर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 सितंबर 2025 जनपद में नवागत पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने आज औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखना और जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने यह भी कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी तथा आम जनता की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। जनपदवासियों में नवागत एसपी के आगमन को लेकर नई उम्मीद और विश्वास का माहौल है। सभी को अपेक्षा है कि उनके नेतृत्व में कुशीनगर पुलिस और अधिक मजबूत और जनहितैषी भूमिका निभाएगी।
