कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल पर दर्शन

कुशीनगर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 नवम्बर 2025 उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज कुशीनगर स्थित पवित्र भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण मंदिर पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उनके साथ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण प्रतिमा के समक्ष दर्शन-पूजन कर विश्वकल्याण की कामना की।

महापरिनिर्वाण स्थल की इस आध्यात्मिक यात्रा को उपमुख्यमंत्री ने अत्यंत प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि “भगवान बुद्ध का करुणा, अहिंसा और शांति का संदेश मानवता के लिए शाश्वत मार्गदर्शक है। यह पवित्र धरा हमें सदैव संवेदना, सम्यक दृष्टि और समभाव का मार्ग दिखाती है।”

कुशीनगर विश्वभर में भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थान के रूप में जाना जाता है और लाखों बौद्ध श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। उपमुख्यमंत्री और मंत्री की इस यात्रा से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण दिखाई दिया।मंदिर परिसर में अधिकारियों ने ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण एवं सुविधाओं की समीक्षा भी कराई। दर्शन के बाद उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा बौद्ध सर्किट को विकसित करने तथा पर्यटन सुविधाओं को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।