देहरादून:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अक्टूबर 2025 भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर गन्ना मूल्य वृद्धि और पिछले वर्षों के बकाया भुगतान को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
भाकियू द्वारा जारी पत्र (पत्रांक संख्या–267/BKU/2025, दिनांक 30.10.2025) में राकेश टिकैत ने कहा है कि उत्तराखंड के किसान लंबे समय से गन्ना मूल्य वृद्धि की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 29 अक्टूबर 2025 को गन्ने का मूल्य ₹400 प्रति क्विंटल घोषित किया है, जबकि उत्तराखंड में अब तक मूल्यवृद्धि की घोषणा नहीं हुई है।
टिकैत ने मुख्यमंत्री से कहा कि पूर्व में उत्तराखंड सरकार ने किसानों से यह वादा किया था कि उत्तर प्रदेश में जितना मूल्य बढ़ाया जाएगा, उतना ही बढ़ोतरी उत्तराखंड में भी की जाएगी। ऐसे में उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि उत्तर प्रदेश की तरह उत्तराखंड में भी गन्ने का मूल्य ₹450 प्रति क्विंटल घोषित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि बढ़ती लागत — जैसे खाद, डीज़ल, मजदूरी, बिजली और सिंचाई के खर्चे — को देखते हुए यह मूल्यवृद्धि जरूरी है, ताकि किसानों को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने सरकार से इकलाबगंज शुगर मिल और हरिद्वार/उत्तराखंड क्षेत्र के किसानों के लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने की भी मांग की है।
राकेश टिकैत ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो यूनियन आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगी।
