खड़गे ने PM पर साधा निशाना, कहा 75 साल बाद क्विट इंडिया याद आया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार यानी 6 अगस्त को पीएम मोदी पर निशाना साधा। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी जी, पिछले 10 सालों से आपने सिर्फ तोड़ने की नकारात्मक राजनीति की है। अब आपकी जुबान से INDIA के लिए भी कड़वे शब्द निकल रहे हैं।

खड़गे ने ये भी कहा कि पीएम को पिछले 75 साल में क्विट इंडिया मूवमेंट (अंग्रेजों भारत छोड़ो अभियान) याद नहीं आया। उनके राजनैतिक पूर्वजों ने तो इस अभियान का विरोध किया था, लेकिन अब उन्हें यह मूवमेंट याद आ रहा है।

दरअसल रविवार को पीएम मोदी ने एक कार्यक्रम में कहा था कि आपको 9 अगस्त याद है ना। उस दिन ऐतिहासिक क्विट इंडिया मूवमेंट (भारत छोड़ो आंदोलन) की शुरुआत हुई थी। इसी से प्रेरित होकर आज पूरा देश हर बुराई के लिए कह रहा है क्विट इंडिया।

प्रधानमंत्री मोदी जी, पिछले 10 सालों से आपने केवल तोड़ने की नकारात्मक राजनीति की है। आपकी वाणी से अब INDIA के लिए भी कटु शब्द निकल रहें हैं।

पिछले 3 महीने से मणिपुर हिंसा को आप काबू नहीं कर पाए हैं। आपकी विभाजनकारी राजनीति ने समुदायों को आपस में ऐसे लड़वाया है कि वहां गृह युद्ध जैसे हालात हो गए हैं। अब तक करीब 150 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।

हरियाणा में जो हो रहा है वो पूरा देश देख रहा है। जहां दशकों से दंगा नहीं हुआ, वहां आपकी सरकार और आपके संघ परिवार के लोग भाई को भाई से लड़वा रहें है। कट्टरपंथी दोषी समाज के शत्रु हैं, चाहे वो किसी भी धर्म के हो।

आपने पिछले 10 वर्षों में इस देश को सिर्फ बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक असमानता, गरीबी, महिला असुरक्षा, दलित उत्पीड़न और सामाजिक अन्याय दिया है। इन सबको समाप्त करने की जरूरत है। यह आपके सरकार के लिए असंभव लगता है। जनता में निराशा है। समस्याओं का निराकरण करने के बजाय प्रधानमंत्री जी रोज अपने लिए एक नए उद्घाटन का प्रोग्राम ढूंढते हैं। सरकारी आयोजनों में राजनीति करते हैं- विपक्ष पर हमला करते हैं।

आपके राजनैतिक पूर्वजों ने भारतीय को भारतीयों के खिलाफ किया, अंग्रेजी हुकूमत का साथ दिया, मुखबिरी की और क्विट इंडिया का कड़ा विरोध किया। गांधी हत्या की साजिश में संदेहपूर्ण भूमिका रही। राष्ट्रीय ध्वज- तिरंगे का विरोध किया। आजादी के 52 साल तक उसे फहराया नहीं। सरदार पटेल को उनको तिरंगे का बहिष्कार करने के लिए चेतावनी देनी पड़ी। जो 75 सालों नहीं याद आया वो क्विट इंडिया अब याद आ रहा है।