क्रिसमस डे को ध्यान में रखते हुए मुख्य चौराहों पर रहेगी अतिरिक्त पुलिस फोर्स, हजरतगंज में ट्रैफिक का किया गया बदलाव

लखनऊ में क्रिसमस के चलते प्रमुख चर्चों के बाहर सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। साथ ही मुख्य चौराहों और बाजारों में हुड़दंग करने वालों पर विशेष तौर पर निगाह रखी जा रही है। वहीं हजरतगंज समेत क्रिसमस को देखते हुए कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
जेसीपी कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया ने बताया कि क्रिसमस पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
चर्च के बाहर और आसपास पुलिस की ड्यूटी लगाई गई। अराजकतत्वों पर कैमरों से नजर रखी जाएगी।
खुले में शराब पीने और स्टंट करने वालों के खिलाफ विशेष तौर पर नजर रखने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
डीसीपी ट्रैफिक रईस अख्तर ने बताया कि 25 दिसंबर से शुरु होने वाला डायवर्जन 26 दिसंबर की दोपहर तीन बजे तक प्रभावी रहेगा।
मेफेयर तिराहा से अल्का तिराहा / बैंक आफ इण्डिया तिराहा से शाहनजफ रोड मजार चौराहा के मध्य कोई भी वाहन नहीं जाएगा।
सुभाष परिवर्तन चौक चौराहे से वाहन मेफेयर अल्का होते हुये हजरतगंज चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। यह वाहन अशोक लाट चौराहा, केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहा, चिरैयाझील, सिकन्दरबाग, संकल्प वाटिका ओवर ब्रिज होकर जाएंगे।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहे से कोई यातायात हिन्दी संस्थान की और नहीं आ सकेगा। यह यातायात स्टेट बैंक तिराहा, चिरैयाझील, सहारागज, सिकन्दरबाग या संकल्प वाटिका ओवर ब्रिज होकर जा सकेगा।
हिन्दी संस्थान से वाहन मेफेयर की ओर न जाकर चिरैयाझील होकर जा सकेंगे।
मफेयर तिराहा से अल्का तिराहे की ओर जाने वाले वाहन लालबाग चौराहा या बाल्मिकी तिराहा होकर जा सकेंगे।
अल्का तिराहा से वाहन बैंक आफ इण्डिया तिराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इधर जाने वालों को मफेयर तिराहा या बाल्मिकी तिराहा होकर जाना पड़ेगा।
बैंक आफ इण्डिया तिराहा / लीला टाकीज तिराहा से सामान्य यातायात अल्का या कैथेड्रिल स्कूल की तरफ नहीं जा सकेगा। इस ओर जाने वाले नवल किशोर रोड / लारेन्स टेरेन्स कालोनी होकर जा सकेंगे।
डनलप तिराहा से सामान्य यातायात बैंक आफ इण्डिया या अल्का तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। इधर जाने वाले वाहन सप्रू मार्ग या सहारागंज होकर जाएंगे।
हजरतगंज चौराहे से अल्का मेफेयर की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। यह यातायात सिकन्दरबाग या कैपिटल तिराहा होकर जाएगा।
नो पार्किंग जोन
हजरतगंज चौराहे से अल्का, मेफेयर एवं अल्का तिराहे से बैंक आफ इण्डिया, शाहनजफ रोड मजार चौराहे तक किसी भी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।