मूलतः मध्य प्रदेश के ग्वालियर से हैं कार्तिक आर्यन, अब एक फिल्म के 40 करोड़ लेते हैं

कार्तिक आर्यन का आज 33वां बर्थडे है। कार्तिक बॉलीवुड के उन स्टार्स में से एक हैं जिनका फैमिली बैकग्राउंड फिल्मों से नहीं था लेकिन उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई। 2018 से 2023 तक पिछले 5 सालों में कार्तिक के करियर की ग्रोथ को केवल इस चीज से समझा जा सकता है कि 2018 में आई सोनू के टीटू की स्वीटी के लिए उन्हें ₹1 करोड़ मिले थे और आज वो एक फिल्म के लिए करीब 40 करोड़ फीस ले रहे हैं।
कार्तिक मूलतः मध्य प्रदेश के ग्वालियर से हैं। पेरेंट्स उन्हें डाॅक्टर बनाना चाहते थे, लेकिन उनका फोकस एक्टिंग पर था। अच्छे परिवार से होने के बावजूद कार्तिक ने बॉलीवुड में काफी संघर्ष किया। स्ट्रगल के दिनों में रोज 12 लोगों का खाना तक बनाना पड़ा, ताकि मुंबई में सर्वाइव कर सकें।
पापा का सपना था कि कार्तिक भी उन्हीं की तरह डाॅक्टर बनें। मगर वो बचपन से एक एक्टर बनना चाहते थे। इसी वजह से कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वो क्लासेस बीच में छोड़कर फिल्मों के लिए ऑडिशन देने चले जाते थे। कार्तिक ने अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत कॉलेज के टाइम ही शुरू कर दी थी। कार्तिक जहां भी ऑडिशन देने जाते थे, उन्हें रिजेक्ट कर दिया जाता था। ऑडिशन में मिल रही लगातार असफलता के बाद उन्होंने एक्टिंग कोर्स भी किया था।
मुंबई में रहने के दौरान ही कार्तिक को पैसों की तंगी होने लगी। ऐसे में वो 12 स्ट्रगलिंग एक्टर्स के साथ रहते थे। मुंबई में रहने के लिए कार्तिक उन 12 लोगों का खाना बना दिया करते थे। इससे उनकी कुछ कमाई हो जाया करती थी।
जब कार्तिक काॅलेज के तीसरे साल में थे, तब उन्हें पहला फिल्मी ब्रेक मिला था। कार्तिक ने फिल्म प्यार का पंचनामा से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म को साइन करने के बाद ही उन्होंने अपने पेरेंट्स को पहली फिल्म मिलने की जानकारी दी थी।
इस फिल्म में उन्हें काम कैसे मिला, उसका भी दिलचस्प किस्सा है। दरअसल, करियर के शुरुआती दिनों में उन्होंने फेसबुक पर अपना प्रोफाइल बना रखा था। यहां से उन्हें पता चला था कि किसी फिल्म के लिए न्यू कमर की तलाश है। इस मौके को बिना गंवाए वो इस फिल्म के लिए ऑडिशन देने चले गए। लोगों को कार्तिक का ऑडिशन बहुत पसंद और इस तरह वो फिल्म प्यार का पंचनामा का हिस्सा बने। कार्तिक ने बताया था कि ये ब्रेक उन्हें ढाई साल स्ट्रगल करने के बाद मिला था।
कार्तिक को पहली फिल्म के लिए 1.25 लाख रुपए मिले थे। 10 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बाॅक्स ऑफिस पर 17 करोड़ का कलेक्शन किया था।
प्यार का पंचनामा फिल्म में कार्तिक ने 4 मिनट का मोनोलॉग बोला था। उनका ये डायलॉग इतना हिट हुआ कि इस फिल्म से कार्तिक स्टार बन गए। इस फिल्म के 2 साल बाद उन्होंने फिल्म आकाशवाणी में और कांची में काम किया पर दोनों ही बड़े पर्दे पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई।
2015 में कार्तिक की फिल्म ‘प्यार का पंचनामा 2’ रिलीज हुई। इस फिल्म में कार्तिक का 7 मिनट का मोनोलॉग था। इस बार कार्तिक ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया था। भारत में 7 मिनट का डायलॉग बोलने वाले कार्तिक पहले एक्टर थे। उनका ये डायलॉग भी खूब हिट रहा और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महज 22 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 88 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की थी। इसके बाद 2018 में आई फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ ने ये साबित कर दिया कि कार्तिक कॉमिक लीड रोल के मास्टर हैं।
कार्तिक के करियर ग्राफ पर नजर डालें तो उन्होंने अभी तक 16 फिल्मों में काम किया है। जिसमें शॉर्ट फिल्म, धमाका, और फ्रेडी जैसी फिल्में OTT पर रिलीज हुई थीं। बाकी 13 फिल्में थिएटर में दस्तक दी थीं। इन 13 फिल्मों में से 8 फिल्में हिट रही थीं।
कार्तिक आर्यन के नाम सबसे कम दिनों में फिल्म शूट करने का भी रिकॉर्ड है। जहां किसी फिल्म को शूट करने में सालों लग जाते हैं वहीं कार्तिक ने फिल्म धमाका की शूटिंग महज 10 दिनों में पूरी कर ली थी। ये फिल्म कोरियन फिल्म ‘द टेरर लाइव’ की रिमेक थी। जिसे नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया था।
कार्तिक अब एक फिल्म के लिए करीब 35 से 40 करोड़ रुपए चार्ज करते हैं। उनके नेटवर्थ में इजाफा फिल्म भूल भुलैया 2 की सक्सेस के बाद हुआ। इस फिल्म के रिलीज के पहले कार्तिक एक फिल्म के लिए करीब 15 से 16 करोड़ रुपए चार्ज करते थे।
कार्तिक की पहली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया था, इसके बावजूद भी उनके पास रेड कार्पेट इवेंट में जाने के लिए खुद की कार नहीं थीं। जी हां, कार्तिक ने एक इंटरव्यू में बताया था कि पहली 2 फिल्म के बाद उन्होंने एक कार खरीदी थी, वो भी थर्ड हैंड, जिसकी कीमत 60 हजार रुपए थी। उस कार के डोर में प्रॉब्लम भी थी, इसके बावजूद उन्होंने ये कार ली क्योंकि रेड कार्पेट इवेंट में कार्तिक को ऑटो में, बाइक पर या लोगों से लिफ्ट लेकर जाना पड़ता था।
जहां एक समय लोगों से लिफ्ट मांग कर या थर्ड हैंड कार से कार्तिक आर्यन को किसी भी इवेंट में जाना पड़ता था, वहीं अब उनके पास कई लग्जरी गाड़ियों का कलेक्शन है।
फिल्मों के अलावा कार्तिक ब्रांड एंडोर्समेंट से भी करते हैं, जिससे लिए भी वो तगड़ी फीस चार्ज करते हैं। हालांकि कार्तिक को उनके पहले ऐड के लिए महज 1500 रुपए मिले थे। अब एक ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए वो करीब 15 लाख रुपए चार्ज करते हैं। डोरिटोस, वीट मेन, मान्यवर और बोट स्पीकर्स जैसे प्रोडक्ट का ब्रांड एंडोर्समेंट कार्तिक करते हैं।
मौजूदा समय में कार्तिक के पास 17 ब्रांड्स के एंडोर्समेंट हैं। बीते साल ये आकांड़ा 15 का था। इस साल रिलीज हुई फिल्म सत्यप्रेम की कथा के बाद उनके करियर के जबरदस्त ग्रोथ देखा गया। फिल्म की सफलता के बाद कार्तिक की ब्रांड एंडोर्समेंट की लिस्ट में दो और ब्रांड्स जुड़ गए हैं।
2020 में फिल्म लव आज कल 2 रिलीज हुई थी। इस फिल्म कार्तिक के साथ सारा अली खान भी लीड रोल में थीं। उन दिनों दोनों की डेटिंग की खबरें सुर्खियों में थीं। हालांकि, दोनों की तरफ से कोई भी ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की गई थी। लेकिन इन सब खबरों के बाद कार्तिक ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वो फिलहाल किसी को डेट नहीं कर रहे हैं और वो सिंगल हैं।
उनके इस बयान के बाद कई मीडिया रिपोर्ट्स ने दावा किया था कि सारा की मां अमृता सिंह को ये रिश्ता नहीं पसंद था इसलिए दोनों ने ब्रेकअप कर लिया। कुछ दिनों पहले जब ‘कॉफी विद करण’ में सारा अली खान और जाह्नवी कपूर पहुंची थीं, तब करण जौहर ने बातों-बातों में कहा था कि सारा, कार्तिक आर्यन को वो डेट कर रही थीं और अब ब्रेकअप हो चुका है।
अगले साल कार्तिक की 2 फिल्में रिलीज हो होंगी। वो इन दिनों फिल्म चंदू चैपिंयन की शूटिंग में बिजी हैं, जो अगले साल 14 जून को रिलीज हो सकती है। इस फिल्म को कबीर खान डायरेक्ट करेंगे। वहीं वो फिल्म भुल भुलैया 3 में भी दिखेंगे जो 31 अक्टूबर 2024 को रिलीज हो सकती है। ये फिल्म अनीज बजमी के डायरेक्शन में बनेगी।