जूनागढ़:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जुलाई 2025 मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों गुजरात दौरे पर थे, लेकिन उनका यह दौरा एक अनोखी वजह से चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, वो अपने सरकारी दौरे की आपाधापी में अपनी पत्नी साधना सिंह को ही पीछे छोड़ गए।
यह वाकया जूनागढ़ जिले का है, जहां शिवराज सिंह चौहान अपनी पत्नी के साथ सोमनाथ मंदिर दर्शन और गिर राष्ट्रीय उद्यान के भ्रमण के बाद मूंगफली शोध केंद्र पहुंचे थे। यहां उन्होंने किसानों और ‘लखपति दीदी’ योजना से जुड़ी महिलाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान वे बार-बार घड़ी देखते नजर आए, क्योंकि उन्हें रात 8 बजे की फ्लाइट पकड़नी थी और राजकोट का रास्ता खराब बताया जा रहा था।
कार्यक्रम के समाप्त होते ही वे 22 गाड़ियों के काफिले के साथ तेजी से निकल पड़े, लेकिन लगभग 1 किलोमीटर दूर पहुंचने के बाद उन्हें याद आया कि उनकी पत्नी साधना सिंह तो कार में हैं ही नहीं।
दरअसल, गिरनार दर्शन के बाद साधना सिंह वेटिंग रूम में बैठी थीं और लौटने का इंतजार कर रही थीं। जैसे ही शिवराज को यह अहसास हुआ, उन्होंने तुरंत फोन पर संपर्क साधा और काफिला यू-टर्न लेकर वापस आया। इसके बाद वे अपनी पत्नी को साथ लेकर राजकोट के लिए रवाना हुए।
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय गलियों तक चर्चा का विषय बन गया है। जहां कुछ लोगों ने इसे एक ‘प्यारी सी भूल’ करार दिया है, वहीं कई लोग इसे उनके व्यस्त राजनीतिक जीवन की झलक बता रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरे के दौरान सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और सासन गिर सफारी का भी अनुभव लिया। मंच से उन्होंने यह भी कहा था, “राजकोट का रास्ता ठीक नहीं है, अगली बार फुर्सत से आऊंगा।”
हालांकि, इस भूल ने उन्हें मुश्किल में नहीं डाला, बल्कि उनकी एक मानवीय और भावुक छवि को सामने लाने का काम किया।
इस पूरे वाकये पर सोशल मीडिया में मीम्स भी बन रहे हैं और लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं।”शिवराज जी मंत्री ही नहीं, अब पति भी ट्रेंड कर रहे हैं।
