(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अगस्त 2025 जन अधिकार पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आज पार्टी कार्यालय पर उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। इस सम्मेलन में जिले भर से आए कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, समाज पर हो रहे अन्याय-अत्याचार और आगामी रणनीतियों पर गहन चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव योगेंद्र शाक्य ने की। उन्होंने जिले के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय व सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक संघर्षों में संगठन ही सबसे बड़ी ताकत है, और हमें अपने विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाना होगा।
सम्मेलन में लालू कुशवाहा, प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य, ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने समाज पर हो रहे अन्याय और अत्याचार पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सत्ता ही समस्याओं के समाधान की कुंजी है। “हमें भी संगठित होकर अपनी सरकार बनाने की आवश्यकता है, ताकि हमारे समाज के लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके,”
उन्होंने कहा कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करेंगे। सम्मेलन में बार-बार यह नारा गूंजता रहा—
“जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” जो सामाजिक न्याय की मूल भावना को दर्शाता है। इस अवसर पर जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत स्थिति में लाने के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का संकल्प लिया।
