लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितंबर 2025 अमर शहीद एवं भारत के लेनिन कहे जाने वाले बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा जी की शहादत दिवस पर लखनऊ में जन अधिकार पार्टी के तत्वावधान में एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन अंबेडकर ऑडिटोरियम एवं अंबेडकर पार्क दोनों स्थानों पर सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जन अधिकार पार्टी के संस्थापक, जौनपुर से सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय बाबू सिंह कुशवाहा रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा –बाबू जगदेव प्रसाद को ‘भारत का लेनिन’ यूँ ही नहीं कहा गया। उन्होंने अपना जीवन गरीबों, मजदूरों, किसानों, दलितों और पिछड़े वर्गों की लड़ाई के लिए समर्पित किया। उनकी शहादत हमें याद दिलाती है कि सामाजिक न्याय की लड़ाई अभी अधूरी है। हमें मिलकर उनके अधूरे सपनों को साकार करना होगा।
इस अवसर पर जन अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती शिवकन्या कुशवाहा एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मंच पर मौजूद रहे। सभी ने शहीद बाबू जगदेव प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अनुमानित 25,000 कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पूरा परिसर गगनभेदी नारों, पार्टी के झंडों और बैनरों से गूंज उठा। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बाबू जगदेव प्रसाद के प्रति अपनी श्रद्धा और निष्ठा व्यक्त की। सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि –बाबू जगदेव प्रसाद का संघर्ष आज भी समाज के वंचित वर्गों के लिए प्रेरणा है। उनकी विचारधारा ही सच्चे सामाजिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।
कार्यक्रम के अंत में बाबू सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे शहीद बाबू जगदेव प्रसाद के सपनों को साकार करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें। उन्होंने कहा – “समानता, भाईचारा और न्याय की स्थापना ही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।” यह आयोजन न केवल एक शहादत दिवस का स्मरण था बल्कि यह सामाजिक न्याय की अलख जगाने और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने का सशक्त संदेश भी बन गया।
