युवा कांग्रेस अध्यक्ष के लिए दिल्ली में हुआ साक्षात्कार, राहुल से चर्चा के बाद घोषित होगा परिणाम

हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज दिल्ली में साक्षात्कार आयोजित हुआ। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी श्री कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश प्रभारी अमरप्रीत सिंह लाली ने तीनों ही उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया। करीब एक घंटे तक साक्षात्कार की प्रक्रिया चली।

सबसे पहले निगम भंडारी को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। उसके बाद यदोपति ठाकुर और अमित पठानिया का साक्षात्कार हुआ। तीनों ही उम्मीदवारों की संगठन में दी गई सेवाओं को देखा गया। संगठन की मजबूती के लिए किए गए कार्यों से लेकर अन्य कई मुद्दों पर सवाल जवाब किए गए। सुबह 11 बजे से 12 बजे तक साक्षात्कार आयोजित हुआ। सोमवार देर शाम को युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में तीनों ही नामों पर चर्चा की गई। राहुल गांधी से चर्चा के बाद ही अध्यक्ष के नाम की घोषणा होगी।

युवा कांग्रेस चुनावों पर फर्जीवाड़े का भी आरोप लगने भी शुरू हो गए हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से युवा कांग्रेस के 100 से ज्यादा कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे और हाईकमान के समक्ष शिकायत रखी। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनावों में सदस्य बनाने में भारी गड़बड़ी हुई है। कुछ पर दबाव भी बनाया गया। युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ने सभी की शिकायतों को सुना। शिकायतों का निपटारा करने के चलते रिजल्ट में देरी हो सकती है।
शिकायत करने वालों में कई कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बच्चें भी शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक चुनावों में युवा कांग्रेस वोटरों पर दबाव बनाने का एक आडियो भी सबूत के तौर पर हाईकमान को सौंपा गया है। जबकि एक पार्टी के वरिष्ठ नेता के ब्यान को भी हाइकमान के समक्ष रखा गया है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों की जांच फेम संस्था से करवाई जाएगी। यदि गड़बड़ी पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

युवा कांग्रेस के हिमाचल के प्रभारी अमरप्रीत सिंह लाली ने कहा कि युवा कांग्रेस के तीनों ही उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए गए हैं। जल्द ही इसका नतिजा घोषित कर दिया जाएगा। कुछ शिकायतें भी आई है उसकी भी जांच चल रही है।