पैरालम्पिक्स मे भारतीय तीरंदाज हरविंदर ने जीता कांस्य पदक

तीरंदाज हरविंदर सिंह ने टोक्यो पैरालम्पिक्स में शुक्रवार को कोरिया के किम मिन सू को शूट ऑफ में 6-5 से हराकर कांस्य पदक जीत लिया और इन खेलों में तीरंदाजी में कोई पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए।

तीरंदाज हरविंदर पुरुष रिकर्व सेमीफाइनल में अमेरिका के के माथेर से 4-6 से हार गए थे जिसके बाद उन्हें कोरियाई तीरंदाज के खिलाफ कांस्य पदक मैच के लिए उतरना पड़ा। हरविंदर इस मुकाबले में 5-3 की बढ़त बनाने के बाद पांचवां सेट 26-27 से हार गए और स्कोर 5-5 से बराबर हो गया।

शूट ऑफ में हरविंदर बाजी मारने और कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के पहले व्यक्तिगत ओलम्पिक स्वर्ण विजेता अभिनव बिंद्रा ने हरविंदर को कांस्य पदक जीतने पर अपनी बधाई दी है। भारत का शुक्रवार को यह तीसरा पदक और कुल 13वां पदक है। भारत ने अब तक दो स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य पदक जीत लिए हैं। हरविंदर से पहले प्रवीण कुमार ने रजत पदक और राइफल निशानेबाज अवनि लेखड़ा ने कांस्य पदक जीता था।