छह चरणों में आंकड़ा दो तिहाई बहुमत के पार, सपा का दावा समाजवादी गठबंधन की सरकार बनना तय

समाजवादी पार्टी (एसपी) के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने कहा है कि विधानसभा के छह चरणों के मतदान के बाद सपा गठबंधन को दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार करने से भाजपा रोक नहीं पाई है। भाजपा के खिलाफ जनता में प्रबल विरोध की लहर है। किसानों, श्रमिकों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों सभी ने सपा और गठबंधन में शामिल सभी दलों के प्रत्याशियों को भरपूर समर्थन दिया है। प्रदेश में अब समाजवादी गठबंधन की भारी बहुमत की सरकार बनना तय है। भाजपाई समझ गए है कि अब उनके अच्छे दिन जाने वाले है और जनता के अच्छे दिन आने वाले हैं।
सपा नेता राजेंद्र चौधरी ने कहा अपनी हार को नजदीक देखकर भाजपा नेतृत्व अब दबंगों और स्वामिभक्त प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से मतदान में धांधली करने में लग गया है। इसके लिए कई हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। चुनाव आयोग को ये शिकायतें लिखित पत्र से की गई हैं। कई जिलों के बूथों पर ईवीएम में खराबी की बड़ें पैमाने पर शिकायतें मिली हैं। मतदाता परेशान होते रहे, कई स्थानों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। चुनाव आयोग से इनका संज्ञान लेकर तत्काल कार्यवाही की मांग की गई है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के छठे चरण मतदान गुरुवार को हो गया। प्रदेश में सात चरणों में विधानसभा चुनाव होना है। 10 फरवरी को पहले चरण में पश्चिम उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 58 सीटों पर, दूसरा चरण 14 फरवरी को 9 जिलों की 55 सीटों पर, 20 फरवरी को तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर मतदान हो चुका है। चौथे चरण में मतदान 23 फरवरी को लखनऊ सहित 9 जिलों की 60 सीटों पर हुआ। पांचवें चरण में 27 फरवरी को 11 जिलों की 60 सीटों पर, छठे चरण में 3 मार्च को 10 जिलों की 57 सीटों पर मतदान हुआ। अब सातवें और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को 9 जिलों की 54 सीटों पर किया जाएगा। 10 मार्च को मतों की गिनती होगी।