लखनऊ पुलिस लाइंस में HPV वैक्सीनेशन अभियान: बेटियों की सुरक्षा के लिए सशक्त पहल

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री राजीव कृष्ण ने आज लखनऊ पुलिस लाइंस में आयोजित एक विशेष HPV वैक्सीनेशन अभियान में सहभागिता की। यह अभियान विशेष रूप से पुलिस परिवारों की बेटियों के लिए आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य सुरक्षा, जागरूकता और कैंसर से बचाव सुनिश्चित करना है।

यह जीवनरक्षक अभियान माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी के संरक्षण में आरंभ किया गया है। इस मौके पर डीजीपी श्री राजीव कृष्ण ने कहा:

“यह स्वास्थ्य, जागरूकता और बचाव की दिशा में एक सशक्त पहल है। समय पर दिया गया यह टीका हमारी बेटियों के लिए आशा और सुरक्षा का कवच है। पुलिस कल्याण के हमारे प्रयासों को यह एक नई दिशा देता है।”

HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी मानी जाती है। समय पर वैक्सीनेशन किशोरियों के लिए दीर्घकालिक सुरक्षा सुनिश्चित करता है।

इस पहल के माध्यम से न केवल पुलिस परिवारों की बालिकाओं को टीकाकरण का लाभ मिला, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। यह अभियान लखनऊ पुलिस द्वारा संचालित पुलिस कल्याण गतिविधियों के अंतर्गत एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।

डीजीपी ने लखनऊ पुलिस को इस समयबद्ध और संवेदनशील पहल के लिए हार्दिक बधाई दी और ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रखने की आवश्यकता बताई।