हरियाणा में IPS अधिकारी ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, चंडीगढ़ में मची सनसनी

हरियाणा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अक्टूबर 2025 पुलिस विभाग से जुड़ी एक चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूर्ण कुमार ने कथित तौर पर अपने आवास में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित मकान नंबर 116 में घटी, जहाँ गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। अधिकारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि आईपीएस वाई. पूर्ण कुमार हरियाणा कैडर के एक वरिष्ठ और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मौके से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे अत्यंत दुखद बताया है और कहा है कि यह पूरे विभाग के लिए एक बड़ी क्षति है। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

   संपादकीय टिप्पणी:

एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा आत्महत्या जैसे कदम उठाना समाज और व्यवस्था दोनों के लिए गहन चिंतन का विषय है। यह मानसिक तनाव, कार्यभार और व्यक्तिगत परिस्थितियों से जुड़े गहरे सवाल खड़े करता है।