हरदोई : रसखान प्रेक्षागृह में आयोजित की गयी मतदाता जागरूकता गोष्ठी

हरदोई : रसखान प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का उदघाटन जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह व मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरुरानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गोष्ठी की थीम ‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम’ रही। इसका थीम वाक्य ‘हरदोई ने ठाना है, सर्वाधिक मतदान का रिकार्ड बनाना है, इसलिए सपरिवार शत प्रतिशत मतदान करने जाना है, रहा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान अवश्य करें। बैग के सदस्य मतदाताओं को जागरूक करें। मतदान केन्द्रो पर साफ-सफाई को बेहतर बनाया जाये। गावों में मतदान के प्रति जागरूकता की अलख जगाएं। समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच जाकर जागरूक करें। क्यूआर कोड का लोगों के बीच प्रचार करें। वोटर हेल्पलाइन ऐप के बारे में लोगों को बतायें। उन्हें क्यूआर कोड स्केन कराएं। सीविजिल ऐप के माध्यम से आदर्श अचार सहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कर सकता है। ईकेवाईसी से अपने उम्मीदवार के बारे में जाना जा सकता है। उन्होंने बताया कि जेन्डर रेशियो का बढ़ना जनपद के लिए उपलब्धि है। इपी रेशियो बढ़ा है। नये व दिव्यांग मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। आगामी चुनाव में दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गयी है। बैग के सदस्यो का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत के मामले में जनपद को शीर्ष जनपदों में लाना है।मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरुरानी ने बैग के सदस्यों को उनकी जिम्मेदारी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के लोगों से संवाद कर मतदान के लिए प्रेरित करती रहें। महिलाओ को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करें। हर घर जाकर मतदान की शपथ दिलाएं। उपनिदेशक कृषि डॉ नंदकिशोर ने कहा कि जनपद में जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने अपने भाषण के माध्यम से उपस्थित लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। युवा मण्डल बिजगवां ने नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलायी गयी। इस अवसर पर जनपद के बूथ जागरूकता समूह के सदस्य उपस्थित रहे।