हरदोई:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 सितंबर 2025 नौकरी का सपना दिखाकर ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। कोतवाली क्षेत्र निवासी संतोष तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने लखनऊ के गोमतीनगर निवासी गौरव तिवारी और उसके पिता काली प्रसाद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित संतोष तिवारी ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उनकी मुलाकात गौरव तिवारी और काली प्रसाद से हुई थी। दोनों ने उसके पुत्र हिमांशु तिवारी व उसके साथियों धर्मेन्द्र कुमार और रंजीत कुमार को मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 7 लाख 10 हजार रुपये हड़प लिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर दिए।
जब पीड़ित युवक प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र बताकर वहां से भगा दिया गया। इसके बाद जब रुपये वापस मांगने की बात हुई तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। कई बार चेक और ट्रांसफर की बातें भी की गईं लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए और खातों में पैसे नहीं पहुंचे।
पीड़ित का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी पिता-पुत्र गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी देते रहे। आखिरकार मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ धारा 406, 420, 467, 468, 471, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस ठगी कांड की गहराई से जांच कर रही है।
