हरदोई:बाइक में घुसा जहरीला सांप, मची अफरातफरी – देखकर दहशत में आए लोग

हरदोई:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 नवम्बर 2025 जिले के ग्राम माधौपुर में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक दुकानदार की बाइक में जहरीला सांप घुस गया। बताया जा रहा है कि सांप बाइक की सीट कवर (गद्दी) के अंदर छिप गया, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकानदार अपनी बाइक दुकान के बाहर खड़ी करके कुछ काम में व्यस्त था। तभी अचानक किसी ने बाइक के पास सांप को रेंगते हुए देखा। देखते ही देखते सांप बाइक की सीट के अंदर जा घुसा। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

कुछ देर की मशक्कत और सावधानीपूर्वक प्रयास के बाद ग्रामीणों ने सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। लोगों ने राहत की सांस लेते हुए वन विभाग को भी सूचना दी।

ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में क्षेत्र में सांप निकलने की घटनाएँ बढ़ी हैं, जिससे लोग दहशत में हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गांवों में सांप पकड़ने वाली टीमों की सक्रियता बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा टाला जा सके।