सरकार ने राज्‍य सभा में बताया, मंगाई जा रहीं नेताजी बोस से संबंधित फाइलें

मीडिया पर भारत विरोधी दुष्प्रचार के कारण सरकार ने बीते दो महीनों में 60 से ज्यादा अकाउंट बंद किए हैं। जो अकाउंट बंद किए गए, वे यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम के थे। इनमें से कुछ यूट्यूब अकाउंट पाकिस्तान से प्रायोजित पाए गए। गुरुवार को यह जानकारी केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने राज्यसभा को दी। उन्होंने यह जानकारी अभिव्यक्ति की आजादी के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में दी।

केंद्रीय राज्य मंत्री मुरुगन ने एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि देश में कोविड महामारी से मरे 123 पत्रकारों के परिवारों को 6.15 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। जबकि केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने बताया कि 88 अन्य देशों में रहने वाले भारतीय मूल के 4,355 लोग कोविड महामारी के कारण मौत का शिकार हुए। इनमें सर्वाधिक 1,237 लोगों की मौत सऊदी अरब में हुई। इसके बाद 894 लोग यूएई में मरे। जबकि अमेरिका में पांच और रूस में भारतीय मूल के 15 लोगों की मौत हुई।
असंगठित क्षेत्र के 25 करोड़ से ज्यादा श्रमिकों का पंजीकरण ई-श्रम प्लेटफार्म पर किया गया। पंजीकृत श्रमिक 400 भिन्न-भिन्न व्यवसायों से जुड़े हुए हैं। यह जानकारी केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव ने राज्यसभा में दी है। जबकि आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना के तहत अभी तक 46.89 लाख लोग लाभान्वित हुए हैं। इन्हें 1.26 लाख संस्थानों के जरिये बीती 29 जनवरी तक रोजगार उपलब्ध कराया गया। यह जानकारी केंद्रीय श्रम राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने दी है।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस से संबंधित पत्रावलियों को भारत मंगवाने के लिए केंद्र सरकार प्रयास कर रही है। ये पत्रावलियां ब्रिटेन, अमेरिका, रूस और चीन से मंगवाई जानी हैं। यह जानकारी विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने राज्यसभा को दी है। उन्होंने बताया कि नेताजी से संबंधित 62 फाइलें राष्ट्रीय संग्रहालय और ब्रिटिश लाइब्रेरी की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। नेताजी से संबंधित ज्यादा जानकारी प्राप्त करने और उन्हें सार्वजनिक करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।