गोरखपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरीबों एवं जरूरतमंद परिवारों के सामाजिक और धार्मिक आयोजनों को सम्मानजनक तरीके से सम्पन्न कराने की दिशा में एक और ऐतिहासिक पहल की। उन्होंने आज महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन धरती गोरखपुर में मानबेला एवं राप्तीनगर विस्तार योजना के अंतर्गत निर्मित ‘कल्याण मंडपम्’ का उद्घाटन कर इसे जनता-जनार्दन को समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को गरिमा और सहजता के साथ मनाने का अवसर मिलना चाहिए। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार अक्सर शादी-विवाह, जन्मोत्सव या अन्य मांगलिक कार्यों में स्थान और व्यवस्था की समस्या से जूझते हैं। इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए कल्याण मंडपम् की परिकल्पना गोरखपुर से शुरू की गई थी, और आज यह सपना साकार होकर गरीबों और जरूरतमंदों के लिए एक मजबूत सहारा साबित होगा।
उन्होंने बताया कि यह मंडपम् आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, ताकि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार भी बिना आर्थिक बोझ के अपने पारिवारिक कार्यक्रम संपन्न कर सकें। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय जनता को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि गोरखपुर से शुरू हुई यह शृंखला आगे पूरे प्रदेश में विस्तार पाएगी और हजारों परिवारों को लाभान्वित करेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कल्याण मंडपम् न केवल जरूरतमंद परिवारों के लिए सहायक सिद्ध होगा, बल्कि समाज में समरसता, सहयोग और सामूहिकता की भावना को भी मजबूत करेगा।
