गोंडा के बीएसए पर ₹2.5 करोड़ रिश्वत मांगने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस — लेकिन कार्रवाई अब भी नहीं!

गोंडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 नवम्बर 2025 जनपद के बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अतुल तिवारी एक बार फिर चर्चा में हैं। आरोप है कि उन्होंने फर्नीचर सप्लाई करने वाली एक फर्म से दलाली के तौर पर ₹2.5 करोड़ की भारी-भरकम रिश्वत की मांग की। जब पीड़ित पक्ष ने पुख्ता सबूतों के साथ पुलिस में शिकायत की, तब भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। अंततः न्याय की आस में पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया — जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

मामले में अब तक सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों और कोर्ट के हस्तक्षेप के बावजूद राज्य सरकार की ओर से अधिकारी के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई नहीं हुई है। न ही निलंबन, न ही जांच—सब कुछ प्रशासनिक खामोशी में दबा हुआ है।

स्थानीय लोगों और शिक्षकों में इसको लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि जब छोटे कर्मचारियों को मामूली गड़बड़ियों पर निलंबित कर दिया जाता है, तो इतने गंभीर आरोपों पर बैठे अधिकारी पर कार्रवाई क्यों नहीं?

सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है। लोग तंज कसते हुए लिख रहे हैं — “अमृतकाल में अमृतपान किए अफसरों पर किसी का बस नहीं चलता।”

अब देखना यह होगा कि क्या योगी सरकार इस भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप पर कोई ठोस कदम उठाएगी या फिर यह मामला भी “अमृतकाल की फाइलों” में दफन हो जाएगा।