धर्मशाला में वैश्विक उत्सव: दलाई लामा के 90वें जन्मदिन पर जुटेंगे लाखों अनुयायी।

धर्मशाला:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जुलाई 2025 हिमाचल प्रदेश हिमाचल प्रदेश की सुरम्य घाटियों में बसी विश्वप्रसिद्ध पर्यटन नगरी धर्मशाला इन दिनों एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। अवसर है परम पावन दलाई लामा के 90वें जन्मदिन का, जिसे लेकर न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया से उनके अनुयायी, बौद्ध भिक्षु, विदेशी मेहमान और नामचीन हस्तियां मैक्लोडगंज पहुंच रहे हैं।

यह भव्य समारोह 6 जुलाई 2025 को मैक्लोडगंज स्थित दलाई लामा मंदिर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब तीन लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है, साथ ही धर्मशाला प्रशासन और तिब्बती सरकार-इन-एग्जाइल इस आयोजन को ऐतिहासिक और शांतिपूर्ण बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारियों में जुटी है।

समारोह में पारंपरिक बौद्ध अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रार्थनाएं, और विश्व शांति के लिए विशेष संबोधन भी होंगे। कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेलिब्रिटी, लेखक, सामाजिक कार्यकर्ता और आध्यात्मिक गुरु इस आयोजन में भाग लेने के लिए धर्मशाला पहुंच चुके हैं।

इस आयोजन का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह अवसर केवल एक जन्मदिवस नहीं, बल्कि दलाई लामा के योगदान, करुणा, अहिंसा और विश्व शांति के संदेश का उत्सव भी है। धर्मशाला, जो वर्षों से दलाई लामा की कर्मभूमि रही है, आज विश्व समुदाय के लिए एक प्रेरणा स्थल बन गई है।

धर्मशाला प्रशासन ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्थानीय नियमों का पालन करें और इस पर्व को अनुशासन और शांति के साथ मनाएं।

धर्मशाला एक बार फिर साबित कर रहा है कि यह न केवल एक पर्यटन स्थल है, बल्कि विश्व शांति और आध्यात्मिकता का केंद्र भी है।