गैंगस्टर गोल्डी बरार ने ली सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी

पंजाब में 29 मई को लोकप्रिय पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या से सनसनी मच गई। हर कोई इस खबर से हैरान है। वहीं पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इस हत्या पर दुख जताते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इस हत्या को लेकर पंजाब के DGP वी. के. भावरा का कहना है कि सिद्धू मूसेवाला जब अपने घर से निकले तब रास्ते में 2-2 गाड़ी आगे और पीछे से आईं और इनकी गाड़ी पर फायरिंग की।

बता दें कि मूसेवाला की हत्या मनसा जिले की गई। हमलावरों ने सिद्धू मूसेवाला पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हत्या की जिम्मेदारी घटना के तीन घंटे के बाद गैंगस्टर गोल्डी बरार ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए ली। बता दें कि गोल्डी बरार कनाडा में रहता है।गोल्डी बरार ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए लिखा है, “सभी भाईयों को राम राम, सत श्री अकाल, आज जो मूसेवाला की हत्या हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं गोल्डी बरार, सचिन विश्नोई, लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप लेते हैं।” पोस्ट में आगे लिखा है कि इसने हमारे भाई विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या में मदद की थी। उसी का हमने आज बदला ले लिया है।पोस्ट में बताया गया है कि हमारे साथी की हत्या में मूसेवाला का नाम आने के बाद भी पुलिस ने इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। मूसेवाला को ऊंची पहुंच के चलते सजा नहीं मिली। इसलिए आज इस हत्या को अंजाम दिया गया है।बता दें कि गोल्डी बरार इस समय कनाडा में है। वहीं उसका साथी और गैंग लीडर लॉरेंस बिश्नोई राजस्थान के अजमेर जेल में बंद है। पुलिस का दावा है कि आठ हमलावरों ने मूसेवाला पर हमला किया था। घटनास्थल से तीन एके-94 राइफल की गोलियां मिली हैं।दरअसल गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ की छात्र राजनीति से तेजी से उभरा। पंजाब में दविंदर बंबीहा ग्रुप और लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से गैंगवॉर चल रही है। 2016 के एनकाउंटर में दविंदर बंबीहा मारा गया था। लेकिन उसके बाद भी उसका ग्रुप आज भी सक्रिय है। जानकारी के मुताबिक बंबीहा ग्रुप आर्मेनिया में बैठे लक्की पटियाल की अगुवाई में चलता है।मोहाली में 7 अगस्त 2021 को यूथ अकाली नेता विक्रम सिंह उर्फ विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या हुई थी। इसकी जिम्मेदारी बंबीहा ग्रुप ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी। बंबीहा ग्रुप ने कहा था कि विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या इसलिए हुई क्योंकि वो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता था। लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने दावा किया इस हत्या में मूसेवाला का हाथ था।
पंजाब डीजीपी ने जानकारी दी: इस घटना की ज़िम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य लक्की ने ली है जो अभी कनाडा में है। उन्होंने बताया कि मूसेवाला के पास पंजाब पुलिस के 4 कमांडो थे जिनमें से 2 कमांडो राज्य में चलने वाले घल्लूघारा की वजह से वापस ले लिए थे। यह जब घर से निकले तो ये भी उनके साथ नहीं थे।

DGP वी. के. भावरा ने जानकारी दी, “मामले की जांच चल रही है और मुख्यमंत्री के आदेश पर मेरी तरफ से IG रेंज को SIT बनाने के लिए कह दिया गया है। मौके से बरामद कारतूस से लगता है कि 3 अलग-अलग हथियारों का इस्तेमाल हुआ है।”