पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह पत्नी हेजल कीच ने दूसरे बच्चे को जन्म दिया, नाम रखा- ऑरा

पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह की पत्नी हेजल कीच ने दूसरे बच्चे को जन्म दिया है। युवराज ने दूसरी बार पिता बनने की खुशी सोशल मीडिया पर शेयर की। उन्होंने पत्नी और दोनों बच्चों के साथ एक तस्वीर पोस्ट कर लिखा, ‘हम प्रिसेंस ऑरा का वेलकम करते हैं।’

41 साल के युवराज सिंह दूसरी बार पिता बने हैं। उनकी पत्नी ने पिछले साल जनवरी में ही दोनों के पहले बच्चे को जन्म दिया था। युवराज और हेजल कीच की शादी 2016 में हुई थी।
युवराज सिंह ने शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अपने सोशल मीडिया हैंडल पर नवजात की फोटो शेयर की। फोटो में उनकी पत्नी हेजल और उनकी गोद में बेटा ओरियन भी था। तस्वीर के साथ युवराज ने लिखा, ‘रातों की नींदें खराब होना अब और खुशनुमा हो गया, हम हमारी प्रिसेंस ऑरा का स्वागत कर अपने परिवार को कम्प्लीट करते हैं।’

ऑरा शब्द का मतलब- वो इंसान जिसमें ऐसे विशेष गुण हों, जो उसके अलग होने का आभास कराए। ऑरा का मतलब प्रभामंडल भी होता है, इसे हिंदी में आभा भी कहते हैं।
युवराज सिंह पिछले साल 25 जनवरी को पहली बार पिता बने थे। उनकी पत्नी ने लड़के को जन्म दिया था, जिसका नाम दोनो ने ओरियन रखा। ओरियन तारों के समूह को कहते हैं। युवराज ने ओरियन के बारे में बताया था, ‘ओरियन एक तारों का समूह हैं और पेरेंट्स के लिए उनका बच्चा ही उनका तारा है।’
युवराज सिंह ने 30 नवंबर 2016 को बॉलीवुड एक्ट्रेस हेजल कीच से शादी की थी। दोनों ने सिख रिति-रिवाज से चंडीगढ़ में शादी की। दिल्ली में दोनों ने रिसेप्शन रखा और गोवा में पार्टी दी थी। शादी के करीब 5 साल बाद दोनों को पहला बच्चा हुआ था।
युवराज सिंह 2011 के वनडे वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। उन्होंने भारत को विजेता बनाने में अहम योगदान दिया था। इसी टूर्नामेंट के बाद उन्हें कैंसर की शिकायत हुई। कैंसर का इलाज कराने के बाद युवी ने वापसी की लेकिन क्रिकेट की फील्ड पर उतना प्रभाव नहीं छोड़ सके।

30 जून 2017 को उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच खेला था। यह भारत से उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच रहा। 2017 में चैम्पियंस ट्रॉफी के रूप में उन्होंने भारत के लिए आखिरी बार कोई ICC टूर्नामेंट खेला था। 10 जून 2019 को उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया।