फर्रुखाबाद:महिला सुरक्षा विशेष दल ने बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 दिसंबर 2025 महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत आज दिनांक 10 दिसंबर 2025 को महिला थाना द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

महिला सुरक्षा विशेष दल की टीम ने उपस्थित बालिकाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में वे तुरंत सरकारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इस अवसर पर 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई और उनके उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई।

कार्यक्रम में बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कानून से संबंधित प्रावधानों के बारे में भी अवगत कराया गया। महिला थाना की टीम ने बालिकाओं को निडर रहने, किसी भी प्रकार की समस्या को छिपाने के बजाय तुरंत सूचना देने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान 5.0 का उद्देश्य समाज में महिलाओं और बालिकाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें सुरक्षित माहौल प्रदान करना और कानून के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाना है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। इस पहल से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपने अधिकारों व सुरक्षा के प्रति अधिक सजग हुई हैं।