(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जुलाई 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में फतेहगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है। जून माह के दौरान कुल 32 चिन्हित अभियोगों में प्रभावी पैरवी कराते हुए 54 अपराधियों को अधिकतम सजा और कुल ₹3,72,700 रूपये के जुर्माने से दण्डित कराया गया।
यह अभियान उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक लखनऊ के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गंभीर अपराधों में शीघ्र और प्रभावी न्याय दिलाना है। इस क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र के मार्गदर्शन में जनपद स्तर पर विशेष प्रयास किए गए।
जनपद फतेहगढ़ में संचालित इस अभियान के तहत मॉनीटरिंग सेल का गठन कर उसमें नियुक्त अधिकारियों, कर्मियों, पैरोकारों, क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारियों एवं विवेचकों को चिन्हित अभियोगों में न्यायालय में सशक्त पैरवी हेतु जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने अपराध से जुड़े साक्ष्यों को समय पर प्रस्तुत कराते हुए महत्वपूर्ण गवाहों की पेशी सुनिश्चित की।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, माननीय न्यायालय द्वारा जून माह में कुल 32 मामलों में 54 आरोपियों को दोषी ठहराया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि जनपद फतेहगढ़ पुलिस का यह अभियान अपराध नियंत्रण और न्याय दिलाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने इस सफलता के लिए समस्त टीम को बधाई दी और अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाकर आम जनता में कानून के प्रति विश्वास बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
