मशहूर फिल्म मेकर श्याम बेनेगल की दोनों किडनी खराब, मेडिकल टेस्ट में खुलासा

फिल्म मेकर श्याम बेनेगल की दोनों किडनी खराब हो गई हैं। 2 दिन पहले ही मेडिकल टेस्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। उनका इलाज घर पर चल रहा है और डायलिसिस भी जारी है।

बेनेगल ने खुद अपनी तबीयत खराब होने की पुष्टि की है। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा कि मैं स्वस्थ नहीं हूं। डॉक्टर ने आराम करने की सलाह दी है। मेरा मेडिकेशन चल रहा है। अभी हाल ही में घर पर डायलिसिस हुआ है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्हें किडनी से ही जुड़ी समस्या है।
श्याम के दफ्तर वालों ने भी कहा कि कुछ दिन पहले तक साहब की तबीयत तो ठीक थी। यकीनन वे पिछले दो-तीन दिन से नहीं आ रहे। दरअसल, वे लगातार अपने प्रोजेक्ट्स प्लान कर रहे थे। उनकी बांग्लादेश सरकार के साथ ‘मुजीबः द मेकिंग ऑफ ए नेशन’ नाम की फिल्म बनकर तैयार है। यह फिल्म बांग्लादेश के पहले राष्ट्रपति मुजीबुर्रहमान की जिंदगी पर आधारित है। हालांकि, विवादों के चलते उसकी रिलीज लगातार टल रही है। मुजीब के अलावा उन्होंने कोई और प्रोजेक्ट शुरू नहीं किया है।
श्याम बेनेगल ने जुबैदा, द मेकिंग ऑफ द महात्मा, नेताजी सुभाष चंद्र बोसः द फॉरगोटन हीरो, मंडी, आरोहन, वेलकम टु सज्जनपुर जैसी दर्जनों बेहतरीन फिल्में बनाई हैं। उनकी फिल्मों ने 8 नेशनल अवॉर्ड जीते हैं। उन्हें दादा साहब फाल्के सम्मान भी मिल चुका है।
श्याम अब तक 24 फिल्में, 45 डॉक्यूमेंट्री और 15 एड फिल्म्स बना चुके हैं। फिल्म जगत को दिए योगदान के लिए इन्हें 1976 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया। इसके अलावा इनके खाते में 8 नेशनल अवॉर्ड हैं। सबसे ज्यादा नेशनल अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड इन्हीं के नाम है। इन्हें 2005 में भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सम्मान दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। 1991 में इन्हें पद्म भूषण दिया गया था
श्याम सुंदर बेनेगल का जन्म 14 दिसम्बर 1934 को हैदराबाद के मिडिल क्लास परिवार में हुआ। ये मशहूर एक्टर और फिल्ममेकर गुरुदत्त के कजिन हैं। श्याम के पिता को स्टिल फोटोग्राफी का शौक था।

श्याम भी अक्सर बच्चों की तस्वीरें लिया करते थे। अर्थशास्त्र में एम.ए. करने के बाद वे फोटोग्राफी करने लगे। पहली फिल्म ‘अंकुर’ बनाने से पहले उन्होंने एड एजेंसियों के लिए कई एड फिल्में बनाई थीं। फिल्म और एड बनाने से पहले श्याम बतौर कॉपी राइटर काम किया करते थे।
बेनेगल की फिल्मों ने भारतीय सिनेमा को बेहतरीन कलाकार दिए, जिनमें नसीरुद्दीन शाह, ओम पुरी, अमरीश पुरी, अनंत नाग, शबाना आजमी, स्मिता पाटिल और सिनेमैटोग्राफर गोविंद निहलानी शामिल हैं। जवाहरलाल नेहरू और सत्यजीत रे पर डॉक्यूमेंट्री बनाने के अलावा उन्होंने दूरदर्शन के लिए धारावाहिक ‘यात्रा’, ‘कथा सागर’ और ‘भारत एक खोज’ का भी निर्देशन किया।
फिल्ममेकर श्याम बेनेगल ने अपनी अपकिंग बायोपिक फिल्म ‘मुजीब – द मेकिंग ऑफ अ नेशन’ का ट्रेलर रिलीज किया है। इसके साथ ही लोग इस ट्रेलर की आलोचना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि फिल्म को लेकर ठीक से रिसर्च नहीं की गई है। मुजीब को भारत और बांग्लादेश की सरकार ने मिलकर इसे बनाया है। हालांकि अभी तक फिल्म की रिलीज डेट डिसाइड नहीं हुई है।