फर्जी खेल प्रमाण पत्र सिपाही बनने के लिए लगा दिया, डॉक्यूमेंट वैरिफिकेशन में हुआ खुलासा, एफआईआर

यूपी पुलिस में सिपाही पद पर भर्ती होने के लिए बागपत के चांदीनगर निवासी शेखर ढाका ने फर्जी खेल प्रमाण पत्र लगा दिया। शेखर ने उसके बल पर परीक्षा भी पास कर ली थी, लेकिन डॉक्यूमेंट वैरिफिकेशन के दौरान उसका फर्जीवाड़ा पकड़ लिया गया। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के उपाधीक्षक की तरफ से आरोपी युवक के खिलाफ हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पुलिस उपाधीक्षक रविराज सिंह चौहान ने हुसैनगंज में मुकदमा दर्ज कराया है कि यूपी पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के 534 पदों पर कुशल खिलाडियों की सीधी भर्ती 2022 के लिए 28 सितंबर 2022 को विज्ञप्ति जारी हुई थी। जिसमें खेल की 22 विभिन्न विधाओं के अन्तर्राष्ट्रीय, भारतीय ओलम्पिक संघ एवं उससे मान्यता प्राप्त खेल परिसंघो आदि मान्यता प्राप्त अखिल भारतीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में पिछले दो वर्षों में पदक अर्जित करने वाले भाग ले सकते हैं।
इसी भर्ती के प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए 8 जनवरी 2023 को मूल प्रमाण पत्रों सहित 35 बटालियन पीएसी, लखनऊ में आवेदन करने वालों को बुलाया गया था। जिसमें आरोपी युवक भी पहुंचा था।
सीधी भर्ती के प्रमाण पत्रों के सत्यापन के बाद कौशल परीक्षण हेतु भारतीय खेल प्राधिकरण, कानपुर रोड, लखनऊ, 35 बटालियन पीएसी, लखनऊ एवं अन्य निर्दिष्ट स्थानों पर संबंधित खेलों के विशेषज्ञों की गठित कौशल परीक्षण समिति द्वारा संबंधित खेलों का कौशल परीक्षण किया गया।
जिसके बाद अभ्यर्थियों के खेल प्रमाण पत्रों को जारी करने वाले संस्थानों से आख्या मांगी गई।
जिसमें सामने आया कि बागपत के चांदीनगर निवासी शेखर ढाका 1500 मीटर दौड़ का एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी प्रमाण पत्र फर्जी है। हुसैनगंज पुलिस के मुताबिक पुलिस उपाधीक्षक रविराज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।