लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 2025 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिशन रोजगार’ अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित रोजगार महाकुंभ-2025 का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम श्रम एवं सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, प्रमुख सचिव/अध्यक्ष UPBOCW एम. के. शन्मुगा सुंदरम (IAS), विशेष सचिव कुणाल सिल्कू (IAS) एवं महानिदेशक/सचिव UPBOCW बोर्ड पूजा यादव (IAS) भी मौजूद रहे।
युवाओं को मिला रोजगार का अवसर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा चयनित युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी क्षमता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
पोर्टल और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का शुभारंभ
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग के कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की शुरुआत की, जिनमें शामिल हैं –
श्रम न्याय सेतु पोर्टल
औद्योगिक न्यायाधिकरण की वेबसाइट
अटल इंटिग्रेटेड मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल
ई-कोर्ट पोर्टल
इन पोर्टल्स के माध्यम से श्रमिकों और उद्योग जगत से जुड़े मामलों का निस्तारण अधिक तेजी, पारदर्शिता और सुविधा के साथ किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री का संबोधन
सीएम योगी ने कहा कि –“उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य की मांग न सिर्फ भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी है। हमारी सरकार का लक्ष्य हर युवा को उसके कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है।”
उन्होंने नवचयनित युवाओं से आह्वान किया कि वे मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करें और प्रदेश एवं देश की प्रगति में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और रोजगार अवसरों का लाभ उठाया।
