मेयर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल की पहली बैठक में 12 सदस्यी कार्यकारिणी का होगा चुनाव, पढ़िए रिपोर्ट

मेयर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल का पहला सदन 22 जून को होने जा रहा है। इसको लेकर तारीख घोषित हो गई है। मेयर की अध्यक्षता में त्रिलोकीनाथ सभागार में सदन की पहली बैठक होगी। इसमें सदन के 110 पार्षद 12 सदस्यी कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे। 23 जून के पहले का सदन करना था। ऐसे में 22 जून को बैठक बुलाई गई है।

नगर निकाय के नियमों के अनुसार सदन की पहली बैठक् से मेयर का कार्यकाल माना जाता है। ऐसे में अगला चुनाव भी इसी हिसाब से होता है। विशेष अधिवेशन में कार्यकारिणी गठन के बाद नगर निगम व शहर के विकास संबंधी फैसलों पर निर्णय हो सकेंगे। कार्यकारिणी के चुनाव के लिए कार्यक्रम तैयार कर लिया गय। सुबह 11 बजे अधिवेशन शुरू होगा। सदस्य पद के लिए नामांकन 11:30 बजे तक होंगे और 11:50 तक नाम वापसी। चुनाव होने की स्थिति में दोपहर 2 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। उसी दिन परिणाम की घोषणा भी की जाएगी।
अभी तक के आंकड़ों पर नजर डाले तो चुनाव में बीजेपी को 10 कार्यकारिणी सदस्य मिलेंगे। इसके अलावा सपा के खाते में दो सीट जाएगी। बसपा और कांग्रेस के हाथ शून्य रहेगा। हालांकि कांग्रेस चुनाव करा सकती है। ऐसे में क्रॉस वोटिंग हुई तो स्थिति बदल सकती है। हालांकि इसकी संभावना बहुत कम है। चार पार्षदों वाली कांग्रेस अपना एक सदस्य नामित करने की मांग कर रही है। अभी तक सदन मे 80 बीजेपी, सपा के 21, कांग्रेस के 4, बसपा के 1 तथा 4 निर्दलीय पार्षद हैं। इनके अलावा लोकसभा व राज्यसभा सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य पदेन सदस्य के रूप में होते हैं। कार्यकारिणी के लिए 12 सदस्यों का चुनाव होना है।
कार्यकारिणी गठन के बाद नगर निगम व शहर के विकास संबंधी फैसलों पर निर्णय हो सकेंगे। कार्यकारिणी गठित होने के बाद नगर निगम के अनुपूरक बजट पर निर्णय लिया जा सकेगा। नगर निगम की वित्तीय स्थिति अच्छी नहीं है जबकि शहर के विकास को लेकर पार्षदों पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में 22 को कार्यकारिणी चुनाव होने के बाद आम सदन की बैठक बुलाने को लेकर मांग हो सकती है। नगर निगम सदन का बजट करीब 2 हजार करोड़ का होता है। इससे सड़क से लेकर नालियों की सफाई और कूड़ा उठान और मार्ग प्रकाश का काम प्रमुख तौर पर होता है।
सपा से 4 नाम नगर कार्यालय को भेजे गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से लईका आगा, राम नरेश चौरसिया, मुश्व्विर अली मंशू व महिला पार्षद में से दो के नाम फाइनल होंगे। भाजपा से पार्षद दल के नेता के लिए मुन्ना मिश्रा का नाम लगभग फाइनल है। मुन्ना कई बार से पार्षद चुनते आ रहे हैं। उन्होंने इस बार सबसे अधिक मतों से विजय हासिल की है। वहीं कार्यकारिणी के लिए उपाध्यक्ष व सदस्यों के नाम भी भाजपा महानगर ने दल के नेता को बता दिए हैं।
इसमें मुन्ना मिश्रा, सुशील तिवारी पम्मी, नागेंद्र सिंह चौहान, रंजीत सिंह आदि नाम शामिल हैं। सपा पार्षद दल के नेता के रूप में यावर हुसैन रेशू का चयन लगभग पक्का है। कांग्रेस से मालवीय नगर वार्ड से पार्षद ममता चौधरी को नेता पार्षद दल चुना जाना तय है।