डोकसुरी टाइफून पहुंच गया चीन ,60 हजार करोड़ का हुआ नुकसान

ताइवान और फिलिपींस में तबाही मचाने के बाद डोकसुरी टाइफून चीन पहुंच गया है। तेज बारिश और हवा के चलते चीन में जगह-जगह पेड़ उखड़ गए हैं, पावर लाइन कट गई हैं। यहां तक कि एक स्टेडियम की छत भी उखड़ गई है। 2016 के बाद डोकसुरी टाइफून चीन के तट से टकराने वाला दूसरा बड़ा तूफान है।
लोगों को इस तूफान के असर से बचाने के लिए चीन ने कई जगह स्कूलों, ऑफिस और दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। डोकसुरी से अब तक 7 लाख 24 हजार लोग प्रभावित हो चुके हैं। जबकि 12 लाख 4 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इससे 60 हजार करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
डोकसुरी टाइफून से अकेले चीन की पोर्ट सिटी फुजियान में 39 लोग घायल हो चुके हैं। जबकि वहां 5 लाख घरों में बिजली नहीं है। वहीं शियामेन नाम की जगह पर लोग अपने काम पर नहीं गए हैं। वहां रहने वाले झुआंग नाम के एक युवक ने रॉयटर्स को बताया कि इलाके में सड़कें एकदम सुनसान हैं। सारी फैक्टरी और मॉल बंद कर दिए गए हैं।
कई इलाकों में पानी का कनेक्शन भी काट दिया गया है। राहत बचाव कार्यों के लिए चीन ने पब्लिक लिबरेशन आर्मी के 3 हजार सैनिकों को 300 वाहनों के साथ काम पर लगाया गया है।तूफान के मद्देनजर, चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (एनएमसी) ने शुक्रवार को एक रेड अलर्ट जारी किया, जो उसकी चार स्तरीय चेतावनी प्रणाली में सबसे गंभीर है।
फिलिपींस में डोकसुरी तुफान में फंसी एक बोट पलटने से 36 लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक बोट मनिला के पास तूफान में फंस गई। तेज बहाव के डर से सभी लोग बोट के एकतरफ हो गए जिससे वो पानी में डूब गई। वहीं, ताइवान में डोकसुरी के चलते कई जगहों पर लैंडस्लाइड भी हुई हैं।