डीके पहली बार डिप्टी CM, सिद्धारमैया 12.30 बजे CM की शपथ लेंगे

कर्नाटक में कांग्रेस की नई सरकार का आज शपथ ग्रहण समारोह होगा। सिद्धारमैया आज दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनेंगे। उनके साथ कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह आज दोपहर 12.30 बजे बेंगलुरु के कांतिरावा स्टेडियम में होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि CM और डिप्टी CM के साथ आठ विधायक शपथ लेने वाले हैं। हालांकि उनके नाम अब तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। न्यूज एजेंसी के मुताबिक इन विधायकों में डॉ. परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज, एमबी पाटिल, सतीश जारकीहोली, प्रियांक खड़गे, रामालिंगा रेड्‌डी और जमीर अहमद खान का नाम शामिल हो सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कर्नाटक रवाना हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज कर्नाटक के सीएम, डिप्टी सीएम और आठ विधायक शपथ लेने वाले हैं। मैं इसी में शामिल होने के लिए जा रहा हूं। यह बहुत खुशी की बात है कि कर्नाटक में नई सरकार बनी है। कांग्रेस की सरकार ताकतवर सरकार है। इससे कर्नाटक को फायदा होगा और देश में अच्छा माहौल बन रहा है।
कर्नाटक कांग्रेस ने शपथ समारोह के लिए जिन नेताओं को न्योता भेजा है, उसमें भाजपा शासित राज्य के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता शामिल नहीं हैं।

समारोह के लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को न्योता भेजा गया है। इनके अलावा छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल, राजस्थान के CM अशोक गहलोत, हिमाचल प्रदेश के CM सुखविंदर सिंह सुक्खू, झारखंड के CM हेमंत सोरेन, तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन को भी बुलाया गया है।
ओडिशा के CM नवीन पटनायक, तेलंगाना के CM के चंद्रशेखर राव, पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी, बिहार के CM नीतीश कुमार, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, NCP प्रमुख शरद पवार, महाराष्ट्र के पूर्व CM उद्धव ठाकरे, बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव और नेशनल कान्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला को भी आमंत्रित किया गया है।

पिछले शनिवार को हुई मतगणना में कर्नाटक की 224 सीटों में से कांग्रेस को 135, भाजपा को 66, जनता दल एस को 19 और अन्य को 4 सीट मिली थीं। बहुमत मिलने के बाद कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार के समर्थक उनको मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे। लेकिन, कांग्रेस की पसंद सिद्धारमैया थे।
पांच दिन की मान-मनौव्वल और सोनिया गांधी के हस्तक्षेप के बाद कर्नाटक CM पद के लिए अड़े डीके शिवकुमार आखिरकार मान गए। तय हुआ कि सिद्धारमैया कर्नाटक के CM और डीके शिवकुमार डिप्टी CM होंगे। गुरुवार रात बेंगलुरु में हुई विधायक दल की बैठक में सिद्धारमैया को विधायक दल का नेता भी चुन लिया गया।
शिवकुमार 50-50 फॉर्मूले पर राजी हुए हैं। पहले ढाई साल सिद्धारमैया CM रहेंगे और बाद के ढाई साल डीके। यानी डीके लोकसभा चुनाव के बाद 2025 में मुख्यमंत्री बनेंगे। हालांकि तब कर्नाटक का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इसका नाम अभी तय नहीं है।
बुधवार को पहले इस तरह की खबरें आई थीं कि डीके डिप्टी CM पद, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद और दो मिनिस्ट्री लेकर मान गए हैं। आलाकमान सिद्धारमैया को CM बनाना चाहता है और उन्होंने डीके के सामने तीन फॉर्मूले रखे थे। फिर खबर आई है कि वो किसी पर भी सहमत नहीं हुए। खड़गे से डीके ने साफ कह दिया कि बनाना है तो CM बनाओ, डिप्टी CM नहीं बनूंगा।
सुबह से ही दिल्ली में लिखी जा रही कर्नाटक सरकार की स्क्रिप्ट घंटे दर घंटे बदलती रही। डीके ने हाईकमान से कहा- ‘लोकसभा की 20 से 22 सीटें वे जितवा सकते हैं।’
खड़गे और राहुल गांधी के साथ सुबह डीके-सिद्धा की मीटिंग हुई थी, लेकिन एकराय नहीं बन सकी। बेंगलुरु में चल रही शपथ ग्रहण की तैयारियां रोक दी गईं। इससे पहले डीके ने कहा था कि अगर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो उनकी लीडरशिप में काम करने को तैयार हैं।