धर्म सिंह सैनी का बयान व्यक्तिगत है : कौशल किशोर

केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी के केशव मौर्य को सीएम बनाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है। कौशल किशोर ने कहा कि धर्म सिंह सैनी का बयान व्यक्तिगत है। इसका पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। पार्टी खुद डिसीजन लेती है किसको क्या मिलेगा। भारतीय जनता पार्टी सेवा और संगठन की तरह काम करती है।
वहीं सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्बास हैदर ने धर्म सिंह सैनी के बयान को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव करीब आयेगा। भाजपा के नेताओं की ओर से इस तरह की बयानबाजी और देखने को मिलेगी। ये सब भाजपा की चाल है।
इस तरह के बयानों से केशव मौर्य की महत्वाकांक्षा भी सामने आ रही है। भाजपा ने केशव प्रसाद मौर्य को आगे रखकर पिछड़ों को ठगने का काम किया है। जब हिस्सेदारी देने की बात आती है तो उनको किनारे कर दिया जाता है।
पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी शुक्रवार को सहारनपुर आए थे। उन्होंने यहां सैनी समाज के कार्यक्रम में केशव मौर्य को मुख्यमंत्री कहकर संबोधित किया। उन्होंने मौर्य से कहा, “आप अगर कहो कि यहां से लखनऊ तक आपके लिए खून की नदियां बहा दें तो आपके लिए खून की एक-एक बूंद देने के लिए तैयार हैं।”
केशव मौर्य कार्यक्रम के चीफ गेस्ट थे। उनके अलावा, राज्यमंत्री जसवंत सैनी और नकुड़ से भाजपा विधायक मुकेश चौधरी भी इसमें शामिल हुए।
धर्म सिंह सैनी ने मौर्य के सामने ही कहा, “हम वर्तमान मुख्यमंत्री को हटाकर आपको मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहते हैं। हम चाहते हैं, वो देश की राजनीति करें। केंद्र की बढ़िया राजनीति करें। उनकी जरूरत देश को है।”
दरअसल, धर्म सिंह सैनी योगी की पहली कैबिनेट में मंत्री रहे हैं। 2022 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा छोड़कर सपा ज्वाइन कर ली थी। सहारनपुर की नकुड़ सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। बाद में उनका सपा से भी मोहभंग हो गया। कई बार उनके भाजपा ज्वाइन करने की चर्चाएं सियासी गलियारे में सामने आई हैं।