नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2025 दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस. बी.के. सिंह को हटाकर उनकी जगह आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को राजधानी का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। गृह मंत्रालय ने आदेश जारी कर गोलचा को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद की गई है। कुछ दिन पहले जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पर हमला हुआ था, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए।
गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा, जो अभी तक दिल्ली के महानिदेशक (कारागार) के पद पर कार्यरत थे, अब दिल्ली पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभालेंगे। आदेश के अनुसार, वे पद ग्रहण करने की तिथि से कार्यभार संभालेंगे और आगे के आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।
दिल्ली में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाल के दिनों में कई घटनाओं ने सरकार को सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर किया। माना जा रहा है कि नए पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा को विशेष तौर पर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
👉 अब सबकी नज़रें इस पर टिकी हैं कि सतीश गोलचा, दिल्ली पुलिस की छवि सुधारने और कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने में कितनी तेजी दिखाते हैं।
