दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला: पीडब्ल्यूडी को मिलेगा स्वतंत्र इंजीनियरिंग कैडर।

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 सितम्बर 2025 दिल्ली सरकार ने राजधानी के विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (PWD) का अपना स्वतंत्र इंजीनियरिंग कैडर होगा। पिछले 30 वर्षों से दिल्ली सरकार निर्माण कार्यों के लिए केंद्र सरकार के सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (CPWD) कैडर पर निर्भर थी। इस कारण कई बार परियोजनाओं की रफ्तार धीमी रही, निर्णय लेने में अड़चनें आईं और इंजीनियरों की जवाबदेही तय नहीं हो पाई।

सरकार के अनुसार, अब नई व्यवस्था में दिल्ली सरकार खुद अपने इंजीनियरों की भर्ती करेगी। प्रत्येक परियोजना पर इंजीनियरों की सीधी जवाबदेही तय होगी, जिससे निर्माण कार्य समयबद्ध, तेज़ और पारदर्शी तरीके से पूरे हो सकेंगे। इस निर्णय से सड़कों, पुलों, अस्पतालों, खेल मैदानों, मंडियों और सचिवालयों सहित राजधानी के सभी बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट समय पर पूरे होने की उम्मीद है। सीधे तौर पर इसका लाभ दिल्लीवासियों को मिलेगा। सरकार ने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “Reform, Perform, Transform” मंत्र से प्रेरित बताया है। इसे ‘विकसित दिल्ली’ की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है।