366 करोड़ नेटवर्थ के साथ पति रणवीर से आगे हैं 400 करोड़ की ब्रांड वैल्यू वाली दीपिका पादुकोण

आज दीपिका पादुकोण का 37वां जन्मदिन है। दीपिका वो एक्ट्रेस हैं जिन्हें उनके पिता प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन प्लेयर बनाना चाहते थे लेकिन उन्होंने अपना रास्ता खुद चुना और मॉडलिंग में करियर बनाया। 2007 में रिलीज हुई फिल्म ओम शांति ओम में मलाइका अरोड़ा की सलाह पर फराह खान ने उन्हें शाहरुख खान के अपोजिट कास्ट किया। तब से अब तक 15 सालों के करियर में दीपिका ने 37 फिल्मों में काम किया है और वह 52 अवॉर्ड्स अपने नाम कर चुकी हैं। इस समय दीपिका फिल्म पठान के गाने बेशरम रंग में पहनी गई भगवा बिकिनी की वजह से विवादों में हैं। इससे पहले 2018 में फिल्म पद्मावत में रानी पद्मावती के रोल की वजह से उन्हें जान से मारने और नाक काटने की धमकी मिल चुकी है लेकिन इससे उनकी पॉपुलैरिटी पर कोई असर नहीं पड़ा। आज दीपिका की ब्रांड वैल्यू 400 करोड़ की है और वह 366 करोड़ नेटवर्थ के साथ पति रणवीर सिंह से कमाई में भी आगे हैं।
दीपिका पादुकोण को बचपन में दोस्त बनाने में झिझक होती थी। आत्मविश्वास की कमी के चलते उनके बचपन में कोई दोस्त नहीं बन पाए। हालांकि उन्हें मन ही मन एक हॉलीवुड एक्टर से बेहद प्यार था। दीपिका पादुकोण ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें हॉलीवुड एक्टर लियोनार्डो डिकैप्रियो पर क्रश था। वो रोज सोने से पहले लियोनार्डो की तस्वीर को किस किया करती थीं।
दीपिका के पिता प्रकाश पादुकोण इंटरनेशनल बैडमिंटन प्लेयर थे और दादाजी रमेश मैसूर बैडमिंटन एसोसिएशन के सेक्रेटरी थे। ऐसे में प्रकाश चाहते थे कि उनकी बेटी भी बड़ी होकर एक नामी बैडमिंटन प्लेयर बने। दीपिका पिता की बात मानते हुए रोजाना प्रैक्टिस करने लगीं, हालांकि इसमें उनकी रुचि नहीं थी। इस दौरान दीपिका कई नेशनल चैंपियनशिप का हिस्सा रहीं, वहीं कुछ सालों तक इन्होंने बेसबॉल भी खेला।
दीपिका के पिता प्रकाश एक मशहूर हस्ती थे तो उनके घर में इंडस्ट्री से जुड़े कई सेलेब्स का आना-जाना था। साल 2000 में आमिर खान दीपिका के घर लंच में स्पेशल गेस्ट बनकर पहुंचे थे। उस समय दीपिका महज 13 साल की थीं। आमिर, दीपिका के सामने बैठकर दही चावल खा रहे थे और दीपिका को जोरदार भूख लगी थी, क्योंकि आमिर ने उन्हें खाना ऑफर नहीं किया तो दीपिका बिना खाए भूखी ही बैठी रही थीं।
पिता के कहे अनुसार उन्हें रोजाना सुबह 5 बजे उठकर बैडमिंटन प्रैक्टिस पर जाना होता था और उसके बाद स्कूल। स्कूल से आकर दीपिका दोबारा प्रैक्टिस में लग जाती थीं। 10वीं तक आते-आते दीपिका समझ चुकी थीं कि वो बैडमिंटन सिर्फ पिता के दबाव में खेलती हैं और उन्हें इसमें करियर नहीं बनाना है। एक दिन दीपिका ने हिम्मत करके अपने पिता से बैडमिंडन छोड़ने की इच्छा जाहिर कर ही दी। खुशकिस्मती से पिता मान गए और दीपिका ने बैडमिंटन छोड़कर मॉडलिंग में कदम रखा।
2004 में दीपिका ने मॉडलिंग करनी शुरू की। शुरुआत में दीपिका फैशन स्टाइलिस्ट और कोरियोग्राफर प्रसाद बिड़ापा के साथ मॉडलिंग करती थीं। इसी दौरान उन्होंने सोशियोलॉजी की पढ़ाई के लिए इंदिरा गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया, लेकिन जब मॉडलिंग के चलते वो पढ़ाई में ध्यान नहीं दे सकीं तो उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ी।
लिरिल साबुन के एड में नजर आईं दीपिका पादुकोण को खूब तारीफें और पहचान मिली। साथ ही उन्होंने कई एड फिल्म में काम किया। इन एड की बदौलत दीपिका ने साल 2005 में लैक्मे फैशन वीक में जगह बनाई। डिजाइनर सुनीत वर्मा के लिए रनवे वॉक करने पर दीपिका को मॉडल ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिला था।
2006 में दीपिका को किंगफिशर कैलेंडर के प्रिंट कैंपेन में जगह मिली। पॉपुलर डिजाइनर वैंडेल रॉडरिक ने दीपिका को गंजम जूलरी क्लास में देखा था, जहां उन्होंने दीपिका को अपनी मैट्रिक्स मॉडलिंग एजेंसी से जुड़ने का ऑफर दिया था। मैडरिक ने उन्हें देखकर कहा था- ऐश्वर्या राय के बाद हमें आज तक इतना फ्रेश और खूबसूरत चेहरा नहीं मिला था।
लगातार मॉडलिंग प्रोजेक्ट मिलने पर दीपिका बैंगलोर से मुंबई आ गईं। शुरुआत में दीपिका अपनी आंटी के साथ रहती थीं। 21 साल की उम्र में दीपिका पादुकोण को हिमेश रेशमिया ने अपने गाने, नाम है तेरा में जगह दी। ये गाना चार्टबस्टर रहा और दीपिका को देशभर में पहचान मिलने लगी।

दीपिका के मॉडलिंग मेंटॉर वैंडल रॉड्रिक थे, जो मलाइका अरोड़ा के करीबी दोस्त थे। जब फराह खान फिल्म हैप्पी न्यू ईयर के लिए एक फ्रेश चेहरे की तलाश में थीं तो उन्होंने मलाइका से सुझाव मांगा। जब मलाइका की इस सिलसिले में अपने दोस्त रॉड्रिक से बात हुई तो उन्होंने दीपिका के नाम का सुझाव दिया। मलाइका ने ये नाम फराह खान तक पहुंचाया और बात बन गई।
मलाइका के कहने पर फराह खान ने दीपिका का गाना नाम है तेरा देखा और उनके पिछले सभी एड और फोटोशूट पर भी कुछ दिनों तक चर्चा की। फराह को दीपिका का काम पसंद आया और उन्होंने दीपिका को फिल्म हैप्पी न्यू ईयर में शाहरुख के अपोजिट कास्ट कर लिया।

साल 2006 में जब फराह खान की फिल्म हैप्पी न्यू ईयर बंद होने की कगार पर आई तो उन्होंने दीपिका को ही ओम शांति ओम फिल्म में शाहरुख के साथ कास्ट कर लिया। ये फिल्म दीपिका के लिए बड़ा ब्रेक साबित हुई। रोल की तैयारी के लिए दीपिका ने हेमा मालिनी और हेलन की कई फिल्में देखी थीं। वहीं सालों बाद जब फराह ने हैप्पी न्यू ईयर बनाई तो इसमें उन्होंने दीपिका को ही साइन किया था।
ओम शांति ओम फिल्म के लिए दीपिका को बेस्ट फीमेल डेब्यू फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था, वहीं उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का नॉमिनेशन भी मिला था। फिल्म में दीपिका की आवाज डबिंग आर्टिस्ट मोना घोष शेट्टी ने डब की थी। 2007 से लेकर अब तक दीपिका करीब 37 फिल्मों में नजर आ चुकी हैं और उनके पास पठान, जवान, फाइटर जैसी अपकमिंग बड़ी फिल्में हैं
रणबीर कपूर से रिश्ता, टैटू और ब्रेकअप- 2008 में बचना ए हसीनों फिल्म की शूटिंग करते हुए दीपिका पादुकोण रणबीर कपूर के साथ रिलेशन में आ गई थीं। चंद महीनों में ही दीपिका ने रिलेशन पब्लिक कर दिया और अपनी गर्दन पर रणबीर कपूर के नाम पर RK टैटू भी बनवा लिया। एक साल बाद ही रणबीर , कटरीना कैफ के साथ रिलेशन में आ गए और दीपिका ने इस बारे में पता चलते ही उनसे दूरियां बना लीं। कई मौकों पर दीपिका ने रणबीर पर धोखा देने का आरोप लगाया था। सालों बाद ये जवानी है दीवानी की शूटिंग के दौरान दोनों की फिर दोस्ती हो गई।

बोल्ड गाने पर हुआ था केस- 2011 में दीपिका पादुकोण फिल्म दम मारो दम के आइटम सॉन्ग में नजर आईं, जो बेहद बोल्ड था। ये गाना खूब विवादों में रहा था और दीपिका पर न्यूडिटी और भावनाएं आहत करने पर केस भी दर्ज हुआ था।

रामलीला टाइटल विवाद- 2013 की फिल्म गोलियों की रासलीलाः राम-लीला रिलीज से पहले ही विवादों में थी। फिल्म का टाइटल पहले रामलीला रखा गया था। इस टाइटल में बोल्ड लव स्टोरी दिखाए जाने पर हिंदू संगठनों ने इसका खूब विरोध किया। सड़कों पर रैलियां निकाली गईं और फिल्म बैन करने की मांग हुई। विवाद के बीच दीपिका पादुकोण, डायरेक्टर संजय लीला भंसाली और रणवीर सिंह के खिलाफ जालंधर में शिकायत तक दर्ज हुई थी। विवादों से बचने के लिए मेकर्स ने टाइटल रामलीला से बदलकर गोलियों की रासलीलाः राम-लीला कर दिया।

रानी पद्मावती बनने पर मिली थीं नाक काटने और जान से मारने की धमकियां- 2018 की फिल्म पद्मावत में दीपिका ने रानी पद्मावती का किरदार निभाया था। जोधपुर में शूटिंग के दौरान धार्मिक संगठनों ने सेट पर तोड़फोड़ की और शूटिंग करने वालों को जान से मारने की धमकी दी थी। इस दौरान डायरेक्टर संजय लीला भंसाली का चेहरा काला कर उनके साथ मारपीट की गई थी। कारण था फिल्म का टाइटल पद्मावती होना।

मेकर्स को विवादों से बचने के लिए टाइटल पद्मावती से बदलकर पद्मावत करना पड़ा। जैसे ही फिल्म का गाना घूमर रिलीज हुआ तो विवाद और बढ़ गए। गाने में रानी पद्मावती बनीं दीपिका का आदमियों के सामने डांस करना और कमर दिखाना लोगों को बर्दाश्त नहीं हुआ। लिहाजा भीड़ ने सड़कों पर खूब प्रदर्शन किया और एक्ट्रेस को जान से मारने तक की धमकी मिली।

करणी सेना के लोगों ने दीपिका की नाक काटने की भी धमकी दी थी। वहीं ये खबर भी फैलाई गई कि दीपिका की नाक काटने वाले को इनाम मिलेगा। ऐसे में दीपिका को सिक्योरिटी दी गई थी। आखिरकार सेंसरबोर्ड के निर्देश पर एडिटिंग से दीपिका का पेट छिपाया गया।

JNU प्रोटेस्ट कंट्रोवर्सी- 2020 में छपाक की रिलीज से ठीक पहले दीपिका पादुकोण जेएनयू प्रोटेस्ट का हिस्सा बनी थीं। दीपिका को लेफ्टिस्ट कहते हुए उन पर कई आरोप लगाए गए। नतीजा ये हुआ कि विवादों के बीच दीपिका के KA प्रोडक्शन में बनी पहली फिल्म छपाक बुरी तरह से फ्लॉप हो गई।

ड्रग चैट से फंसी थीं दीपिका- सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने दीपिका और उनकी मैनेजर करिश्मा प्रकाश को पूछताछ के लिए बुलाया था। दीपिका और उनकी मैनेजर की चैट्स सामने आई थीं, जिनमें दोनों के बीच हैश और माल जैसे शब्दों के साथ बातचीत हुई थी। पूछताछ के बाद दीपिका को छोड़ दिया गया था।
2015 में दीपिका ने अपनी डिप्रेशन जर्नी पब्लिकली शेयर की थी। इसके बाद दीपिका ने इसी साल द लिव लव लाफ फाउंडेशन शुरू किया जो मेंटल हेल्थ की फील्ड में काम करता है।
लिव लव लाफ फाउंडेशन में फंड रेज करने के लिए दीपिका अपने पर्सनल कपड़े और एक्सेसरीज नीलाम करती हैं।
2016 से दीपिका फेसबुक और आसरा ऑर्गेनाइजेशन के साथ मिलकर मल्टीलिंगुअल टूल और एजुकेशनल सोर्स पर काम कर रही हैं, जिससे सुसाइड के बारे में सोचने वालों को सही दिशा दे सकें।
दीपिका इंडियन साइकायट्रिक सोसाइटी की ब्रांड एंबेसेडर भी हैं।
मेंटल हेल्थ अवेयरनेस फैलाने के लिए दीपिका को साल 2020 में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की तरफ से क्रिस्टल अवॉर्ड मिल चुका है।
2020 में दीपिका पादुकोण CAA एक्ट के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे स्टू़डेंट्स का सपोर्ट करने रैली में शामिल हुई थीं। इसके चलते बीजेपी ने उनका और उनकी फिल्म छपाक का विरोध किया था और फिल्म फ्लॉप हुई थी।
दीपिका ने KA इंटरप्राइजेज के जरिए इंटरनेशनल फूड सप्लाई में जगह बनाई है। ये योगर्ट और फ्रोजन फूड बिजनेस है जिसका नाम एपिगेमिया है। इसके अलावा दीपिका इलेक्ट्रिक टैक्सी, ब्लू स्मार्ट से भी कमाती हैं
ओम शांति ओम, बचना ए हसीनों, लव आज कल के बाद दीपिका की लगातार कार्तिक कॉलिंग कार्तिक, चांदनी चौक टू चाइना, ब्रेक के बाद जैसी फिल्में फ्लॉप हुई थीं। इसके बाद दीपिका को साल 2012 में होमी अदजानिया की फिल्म कॉकटेल में बोल्ड लड़की वेरोनिका का रोल मिला। ये फिल्म जबरदस्त हिट रही और फिर इसके बाद दीपिका ने रेस 2, ये जवानी है दीवानी, चेन्नई एक्सप्रेस, गोलियों की रासलीलाः राम-लीला, हैप्पी न्यू ईयर, तमाशा, पीकू, बाजीराव मस्तानी, पद्मावत जैसी बड़ी हिट फिल्में दी हैं।
दीपिका पादुकोण की आखिरी हिट फिल्म 2018 की पद्मावत थी। इसके बाद से ही दीपिका के खाते में छपाक, 83 फिल्में रही हैं। दीपिका की फिल्म गहराइयां 2022 में OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई, जिसे दर्शकों का नेगेटिव रिस्पॉन्स मिला था। इस बीच दीपिका जीरो, ब्रह्मास्त्र, सर्कस जैसी फिल्मों में कैमियो करती भी दिखी हैं।