नोएडा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 550 किलो नकली पनीर नष्ट, हरियाणा से होती थी सप्लाई

नोएडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अक्टूबर 2025 नोएडा खाद्य विभाग की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 550 किलो नकली पनीर बरामद कर नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई सेक्टर-81 स्थित भंगेल गाँव में की गई, जहाँ संदिग्ध बोलेरो गाड़ी को जांच के लिए रोका गया था।

सूत्रों के अनुसार, HR 73 B 3222 नंबर की बोलेरो गाड़ी में भारी मात्रा में घटिया और दुर्गंधयुक्त पनीर भरा हुआ था। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया में यह मिलावटी पनीर प्रतीत हो रहा था।

खाद्य विभाग की टीम ने मौके से पनीर के सैंपल जांच के लिए लैब में भेज दिए हैं, जबकि 550 किलो से अधिक पनीर को तत्काल नष्ट कर दिया गया ताकि यह किसी भी रूप में बाजार में न पहुंच सके।

पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि यह गाड़ी हरियाणा के हथीन (मेवात) स्थित जंगी मिल्क प्लांट से नकली पनीर लेकर पूरे एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करती थी। विभाग अब इस नेटवर्क की जाँच में जुट गया है, ताकि नकली डेयरी उत्पादों की सप्लाई करने वाले पूरे गिरोह तक पहुँचा जा सके।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि पनीर खरीदते समय उसके रंग, गंध और बनावट की जाँच जरूर करें, और संदिग्ध उत्पाद की सूचना तुरंत विभाग को दें।

“खाद्य मिलावट से लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी” — खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नोएडा