CM योगी ने देर रात की हाई लेवल मीटिंग, पूरे प्रदेश में धारा-144 लागू

प्रयागराज में शनिवार रात अतीक अहमद और उसके भाई अरशद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मेडिकल टेस्ट के लिए दोनों को अस्पताल लेकर जा रही थी। इसी दौरान मीडियाकर्मी बनकर आए तीन हमलावरों ने पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए दोनों को गोली मार दी। इस घटना के बाद प्रदेश में अलर्ट है। शासन ने ऐहतियातन पूरे प्रदेश में धारा-144 लगा दी है।
प्रयागराज की सीमाएं सील कर दी गई हैं। आस-पास के जिलों से सुरक्षाबलों को प्रयागराज भेजा जा रहा है। गश्त बढ़ा दी गई है। रविवार सुबह डीएम-कमिश्नर वारदात वाले इलाके में गश्त कर रहे है। यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार देर रात CM योगी से मिलने पहुंचे। इसके बाद सीएम योगी ने आपातकालीन बैठक की। बैठक खत्म होते ही अधिकारी प्रयागराज के लिए रवाना हुए। संवेदनशील इलाकों में RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) की तैनाती कर दी गई है। वहीं, सीएम ने रविवार को अपने सभी सरकारी कार्यक्रम को रद्द कर दिए है। वह लगातार प्रयागराज की घटना की जानकारी ले रहे है।

सीएम योगी ने अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। इसका ध्यान रखें। सीएम ने कहा कि कानून के साथ कोई भी खिलवाड़ न करें। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अरशद की मौत के बाद प्रयागराज में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। देर रात आने-जाने वालों की चेकिंग की जा रही है।
प्रयागराज में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। घटनास्थल पर SWAT (स्पेशल वीपंस एण्ड टैक्टिक्स) टीम पहुंच गई है। संवेदनशील इलाकों में RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) की तैनाती की जा रही है।
घटना के बाद वाराणसी पुलिस भी अलर्ट हो गई है। शहर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
वाराणसी में पुलिस कमिश्नर ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स तैनात कर दी। चेतगंज, सिगरा, भेलूपुर, कैंट, आदमपुर, समेत प्रमुख थाना के विभिन्न 40 इलाकों में पुलिस बल के साथ अधिकारी गश्त कर रहे हैं। ACP के अलावा अन्य अधिकारी और कर्मचारी सड़कों पर उतरे हैं। कंट्रोल रूम ने थानों से हर घंटे अपडेट देने को कहा है।
प्रयागराज की घटना के बाद मेरठ पुलिस भी अलर्ट है। संवेदनशील जगहों की गश्त को बढ़ा दिया गया है। रात में आने-जाने वालों की जांच की जा रही है।
मेरठ में भी पुलिस सतर्क हो गई है। सड़कों पर पुलिस उतर आई है। पुलिस थानों की चौकसी बढ़ा दी गई है। बता दें कि मेरठ में अतीक के बहनोई के घर ही शूटर गुड्‌डू मुस्लिम ने फरारी काटी थी। बेटा असद भी यहां आकर रुका था।
आगरा में भी संवेदनशील इलाकों में पुलिस के अधिकारी गश्त कर रहे हैं। प्रमुख चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाया गया है। शहर के हालात पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।
आगरा में जैसे ही अतीक और उसके भाई की हत्या की जानकारी हुई। एसपी ने पूरे शहर के थानों को अलर्ट कर दिया। कहा कि रात में आने-जाने वाले हर एक इंसान से पूछताछ करें। कुछ भी संदिग्ध जैसे लगे तो एक्शन लें।
प्रयागराज की घटना के बाद कानपुर पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। कंट्रोल रूम से हर थाने की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
हाई अलर्ट के बाद कानपुर पुलिस सड़कों पर उतर आई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है। ज्वाइंट CP आनंद प्रकाश तिवारी ने सभी पुलिस कर्मियों को गश्त करने के आदेश जारी किए हैं। सभी कर्मियों को अगले आदेश तक के लिए अलर्ट मोड में रखा गया है। LIU, पुलिस युवा मित्र और सिविल डिफेंस कर्मियों को भी किसी भी तरह के इनपुट के लिए लगाया गया है
हालात को देखते हुए शनिवार देर रात गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहां आस-पास से गुजरने वालों को पूछताछ के बाद ही जाने दिया जा रहा है।
प्रयागराज में अतीक और अरशद की हत्या के बाद गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई दी गई है। मंदिर गेट के सामने बैरिकेडिंग कर दी गई है। आने-जाने वालों की पुलिस चेकिंग कर रही है। वहीं शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस गश्त कर रही है।शनिवार रात को नोएडा पुलिस ने पूरे शहर में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। शहर के आला अधिकारी भी सड़क पर उतरकर निगरानी कर रहे हैं।
नोएडा में देर रात एसपी के ऑर्डर पर पुलिस थानों को अलर्ट कर दिया गया। सभी पुलिस कर्मियों को चेकिंग करने का आदेश दिया गया है।