गोरखपुर में मासूम की नाले में डूबकर मौत, ठेकेदारों की लापरवाही पर उठे सवाल

गोरखपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2025 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ माने जाने वाले गोरखपुर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंगलवार को मदरसे से लौट रही एक मासूम बच्ची खुले नाले में गिर गई और करीब 100 मीटर तक बहती चली गई। राह चलते एक युवक ने घटना को देखा और बिना समय गंवाए बच्ची को गोद में उठाकर दौड़ते हुए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तुरंत जांच और उपचार शुरू किया, लेकिन दुखद रूप से बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हादसा पूरी तरह से ठेकेदारों और संबंधित विभाग की लापरवाही का परिणाम है। अगर नाले के ऊपर ढक्कन या सुरक्षा कवर लगा होता, तो मासूम की जान बच सकती थी। आरोप है कि ठेकेदार सिर्फ ठेका लेने और पैसे कमाने में रुचि रखते हैं, लेकिन काम की गुणवत्ता और सुरक्षा पर ध्यान नहीं देते।

लोगों ने सवाल उठाया है कि जब विभागों को इन खामियों की जानकारी होती है, तो बार-बार ऐसे ठेके उन्हीं ठेकेदारों को क्यों दिए जाते हैं? क्या इसके पीछे कोई मिलीभगत है या जिम्मेदार अधिकारी जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं? स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच हो, दोषी ठेकेदार और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान इस तरह की लापरवाही के कारण न जाए।