लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 2025 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिशन रोजगार’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित रोजगार महाकुंभ-2025 का शुभारंभ किया।कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हजारों युवाओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा चयनित युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर श्रम न्याय सेतु पोर्टल, औद्योगिक न्यायाधिकरण की वेबसाइट एवं ई-कोर्ट पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से श्रमिकों और औद्योगिक संस्थानों से जुड़े मामलों का शीघ्र एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित होगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य की मांग न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी बढ़ रही है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को उनके कौशल और क्षमता के अनुरूप बेहतर अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने नवचयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से वे न सिर्फ अपनी बल्कि प्रदेश और देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
